बेटी सुसाइड कर रही है, बचा लीजिए, आधी रात में आया अनजान कॉल; कमरा खोला तो होश उड़ गए
परिवार के लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोए थे। नंदिनी भी अपने कमरे में सोई थी। आधी रात को नंदनी के पिता के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया कि बेटी सुसाइड कर रही है।

बिहार के बेतिया में न्यू बस स्टैंड बालकृष्ण कॉलोनी वार्ड 25 में गुरुवार की रात घर में पंखे से लटक इंटर की छात्रा नंदिनी वर्मा (17) ने आत्महत्या कर ली है। नंदिनी बालकृष्ण कॉलोनी निवासी संजय कुमार वर्मा की पुत्री थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने लड़की के पिता को रात में फोन कर बताया कि नंदिनी आत्महत्या कर ली है। वह इंटरमीडिएट की छात्रा थी। विगत छह दिन से वह नगर के एक कोचिंग संस्थान में पढ़ने जाती थी।
पुलिस ने शव का गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है । घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जीएमसीएच में मौजूद मृतका के परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात परिवार के लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सोए थे। नंदिनी भी अपने कमरे में सोई थी। आधी रात को नंदनी के पिता के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि नंदिनी सुसाइड कर रही है, उसे बचा लीजिए। यह सुन परिजन उसके कमरे के पास गए तो दरवाजा अंदर से बंद था।
आवाज देने पर वह कुछ नहीं बोल रही थी। उसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि वह फांसी का फंदा लगा पंखे के हुक से लटक रही है। परिजनों ने उसे नीचे उतारा। घटना की सूचना पुलिस को देकर उसे अस्पताल लेकर गए। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात करीब 1:55 बजे नगर पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि रात को जिस नंबर से फोन आया था वह स्विच ऑफ है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फोन करने वाले को आखिर कैसे पता चला कि नंदिनी आत्महत्या करने जा रही है, इस बिंदु को भी ध्यान में रखकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है । मृतका के पिता को जिस व्यक्ति ने आत्महत्या करने की खबर दी थी उसका पता लगाया जा रहा है।




साइन इन