Bihar Weather thunderstorms lightning for two days heavy rain alert in 3 districts today बिहार में दो दिन आंधी-बिजली के साथ झमाझम , 3 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में दो दिन आंधी-बिजली के साथ झमाझम , 3 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

Bihar Mausam: बिहार में अगले 48 घंटे अधिकतर जिलों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दक्षिण बिहार के 3 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। 

Fri, 4 July 2025 06:49 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
बिहार में दो दिन आंधी-बिजली के साथ झमाझम , 3 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

Bihar Weather: बिहार में अगले दो दिन झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने पूरे राज्य में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। 4 और 5 मई को अधिकतर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण बिहार में अच्छी बरसात होने की संभावना जताई जा रही है। 3 जिलों- औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास में शुक्रवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई। शनिवार को गयाजी, नवादा और जमुई जिले में भारी बारिश का अलर्ट है। हालांकि, बिहार में मॉनसून अभी अपने पूरे फॉर्म में नहीं दिख रहा है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्यभर में शुक्रवार को वज्रपात और बारिश के आसार हैं। अधिकतर जिलों के एक या दो स्थानों पर ठनका के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नदी ने रोकी नौनिहालों की राह, शिक्षक बोले-बिना पढ़ाए कैसे लें वेतन

मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून की ट्रफ लाइन अभी राजस्थान के बीकानेर से एमपी के श्योपुर, खजुराहो, डाल्टनगंज, दीघा और वहां से दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी से होकर गुजर रही है। बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र से लगे उत्तरी ओडिशा के ऊपर से एक चक्रवाती परिसंचरण भी बन रहा है। दूसरी ओर, एक परिसंचरण तंत्र पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद है। इनके प्रभाव से बिहार में भी मौसम खराब रहने की आशंका है।

बीते 24 घंटे में 14 जिलों में बारिश

गुरुवार को पटना सहित 14 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। पश्चिम चंपारण में बूंदाबांदी हुई। इस दौरान गयाजी में सबसे अधिक 2.6 मिलीमीटर पानी गिरा। राज्य के अधिकतम तापमान में गिरावट आई और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। वहीं पटना में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। एक या दो स्थानों पर बारिश के आसार हैं। राजधानी पटना में 5 जुलाई के बाद तेज बारिश का लंबा दौर चलने की संभावना है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।