पीएम मोदी का जुलाई में फिर बिहार दौरा, मोतिहारी से महिलाओं को सौगात देने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पीएम के 18 जुलाई को मोतिहारी आने की संभावना है। यहां प्रस्तावित जनसभा से वे महिलाओं को बड़ी सौगात दे सकते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चुनावी साल में एक बार फिर बिहार दौरा होने वाला है। पीएम इस महीने वापस बिहार आने वाले हैं। 18 जुलाई को उनकी मोतिहारी में जनसभा प्रस्तावित है। नीतीश सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इसकी तैयारियों में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मोतिहारी रैली से पीएम मोदी बिहार की महिलाओं एवं लड़कियों को कोई बड़ी सौगात दे सकते हैं। इसके अलावा वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे।
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी शुक्रवार को मोतिहारी पहुंचेंगे। वे पीएम मोदी के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान भाजपा सांसद राधा मोहन सिंह भी मौजूद रहेंगे। सम्राट का दोपहर 1 बजे मोतिहारी पहुंचने का कार्यक्रम है। पहले प्रशासन के साथ उनकी बैठक होगी। इसके बाद वे पार्टी पदाधिकारियों के साथ पीएम के कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
भाजपा के जिला प्रवक्ता प्रकाश अस्थाना ने गुरुवार को कहा कि पीएम मोदी के आने की सूचना से पार्टी कार्याकर्ताओं और आम लोगों में खुशी का माहौल है। प्रधानमंत्री के द्वारा चंपारण क्षेत्र को सौगात मिल सकती है। पीएम मोदी माताओं-बहनों के लिए कुछ बड़ा ऐलान कर सकते हैं। साथ ही महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के आधारभूत संरचना के विकास कार्यों का भी वे शिलान्यास कर सकते हैं।
बता दें कि बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव संभावित है। इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री की लगातार बिहार में सभाएं हो रही हैं। लगभग हर महीने पीएम मोदी राज्य के दौरे पर आ रहे हैं और हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास एवं उद्घाटन कर रहे हैं। बीते 20 जून को उन्होंने सीवान जिले में रैली कर लगभग 6 हजार करोड़ रुपये के शहरी प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और आधारशिला रखी थी। इस दौरान पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। इससे पहले पीएम का पटना, बिक्रमगंज (रोहतास) और मधुबनी में भी कार्यक्रम हो चुका है।




साइन इन