झारखंड में रांची समेत 17 जिलों में बारिश और ओले का अलर्ट जारी, IMD
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को झारखंड के रांची, खूंटी समेत राज्य के 17 जिलों में आंधी-ओले के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

झारखंड में एक बार फिर मौसम बदल गया है। रांची, धनबाद समेत कई जिलों में रविवार को काले बादल छाने से दिन में ही अंधेरा छा गया। कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई तो कुछ जगहों पर बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को झारखंड के रांची, खूंटी समेत राज्य के 17 जिलों में आंधी-ओले के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। ओलावृष्टि से खेती-बारी के साथ खेतों में लगी फसलों-सब्जियों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है।
जानिए किस वजह से बदल रहा है मौसम
मौसम विभाग, रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा और असम समेत आसपास के हिस्सों पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में बदलाव आ रहा है। यह बदलाव आने वाले पांच दिनों तक बना रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं हल्के से लेकर मध्यम स्तर की बारिश के आसार हैं।
इधर, रांची समेत राज्य में रविवार को दोपहर तक मौसम गर्म रहा। कई जिलों का अधिकतम तापमान 39 डिग्री के करीब रहा। रांची का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, दोपहर बाद मौसम ने तेजी से करवट बदला और देखते ही देखते काले बादल छा गए। इसके साथ ही कई जगहों पर धूल भरी आंधी चली। धनबाद में जहां तेज बारिश दर्ज की गई, वहीं रांची के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
ये जिले ऑरेंज अलर्ट से बाहर
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के सात जिले आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के ऑरेंज अलर्ट से बाहर हैं। इन जिलों में पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और चतरा शामिल हैं। रविवार को पलामू प्रमंडल और कोल्हान के जिलों में हीटवेव की स्थिति रही।
संताल में हुई बारिश, आंधी से पेड़-पोल गिरे
दोपहर बाद धनबाद समेत संताल परगना के कई जिलों में काले बादल छाए और अच्छी बारिश हुई। कतरास क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। दुमका और जामताड़ा में भी बारिश होने से लोगों को राहत मिली। दुमका में तेज हवा के कारण कई जगह पेड़ गिरे, जिससे आवागमन बाधित हुआ। दुमका शहर में एक जगह पोल गिरने से एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा कुछ घरों के छप्पर भी उड़ गए।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 35.5 18.4
जमशेदपुर 36.8 23.8
मेदिनीनगर 38.7 18.1
बोकारो 33.1 18.2
चाईबासा 35.2 21.8
दस जिलों का पारा 35 डिग्री सेल्सियस से पार
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दस जिलों का तापमान रविवार को 35 डिग्री से अधिक रहा। मेदिनीनगर का 38.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक गर्म रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री जमशेदपुर का दर्ज किया गया।
वहां उमस भरी गर्मी लोगों को सताती रही। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक अधिक चल रहा है। वहीं विभिन्न जिलों में रविवार को न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री तक अधिक रहा।
खूंटी, धनबाद समेत कई इलाकों में बिजली बाधित
आंधी के कारण खूंटी, धनबाद, दुमका, जामताड़ा समेत कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कहीं आंधी के कारण सावधानी के तौर पर आपूर्ति रोकी गई तो कहीं लोकल फॉल्ट और पेड़ आदि गिरने से बिजली गुल हो गई। हालांकि, बाद में विभागीय कर्मियों ने मरम्मत कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था बहाल की। धनबाद में तीन घंटे बिजली संकट बना रहा।




साइन इन