Crowds queue up for cylinders, Delhi government says there no gas shortage दिल्ली में सिलेंडर की लाइन में लगी भीड़, आ रहीं कई समस्याएं; सरकार कह रही- गैस की कोई कमी नहीं, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में सिलेंडर की लाइन में लगी भीड़, आ रहीं कई समस्याएं; सरकार कह रही- गैस की कोई कमी नहीं

राजधानी दिल्ली में गैस सिलेंडर लेने के लिए आम आदमी लाइनों में खड़ा है। उसे कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसके उलट दिल्ली सरकार लगातार कह रही है कि राजधानी में एलपीजी, पीएनजी, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ती सामान्य है।

Thu, 12 March 2026 11:54 AMRatan Gupta हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्ली
share
दिल्ली में सिलेंडर की लाइन में लगी भीड़, आ रहीं कई समस्याएं; सरकार कह रही- गैस की कोई कमी नहीं

खाड़ी देशों में चल रही जंग की आंच भारत की रसोई तक पहुंच गई है। राजधानी दिल्ली में गैस सिलेंडर लेने के लिए आम आदमी लाइनों में खड़ा है। उसे कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसके उलट दिल्ली सरकार लगातार कह रही है कि राजधानी में एलपीजी, पीएनजी, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ती सामान्य है।

बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव से पैदा हुई समस्या

गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने और बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले जहां पंजीकृत मोबाइल नंबर से कॉल करते ही आसानी से सिलेंडर बुक हो जाता था, वहीं अब कई बार कॉल करने पर नंबर अमान्य बताया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इंदौर में 13 साल के बच्चे ने छोड़ा घर, चिट्ठी में प्रेमानंद महाराज का भी नाम

ऐप से भी बुक नहीं हो रहा सिलेंडर

छतरपुर निवासी एके शर्मा ने बताया कि वो पिछले दो दिन से गैस सिलेंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लग सकी है। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने एजेंसी के बुकिंग नंबर पर कई बार कॉल की। हर बार सिर्फ कॉल कट गई, पहले की तरह बुकिंग हो जाने संबंधी मैसेज नहीं आया। इसके बाद उन्होंने गैस प्रदाता कंपनी की मोबाइल ऐप के माध्यम से भी सिलेंडर बुक करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी दिक्कत बताकर बुकिंग नहीं हुई।

बुकिंग बढ़ी, आपूर्ती घटी- डीलर भी परेशान

कई उपभोक्ताओं को लंबी प्रक्रिया से गुजरते हुए अलग-अलग विकल्प चुनने के लिए कहा जा रहा है, जिससे बुकिंग में समय लग रहा है और लोगों की चिंता बढ़ गई है। शाहदरा के एक एलपीजी गैस डीलर ने बताया कि होली से पहले आमतौर पर रोजाना 400 से 500 सिलेंडर की बुकिंग होती थी और रोज इतने ही सिलेंडर सप्लाई किए जाते थे, लेकिन अब प्रतिदिन होने वाली बुकिंग करीब 800 तक पहुंच गई है। इसकी तुलना में आपूर्ति 20 फीसदी कम हो गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:देश में गैस संकट के समय प्रधानमंत्री किस गुफा में छिपे हैं? सांसद संजय सिंह

बंद होने की कगार पर पहुंचा ढाबा

कनॉट प्लेस स्थित सिंधिया हाउस के पास एक तंग गली में स्थित ढाबा अब बंद होने की कगार पर है। यह ढाबा ऑफिस कर्मचारियों, टैक्सी ड्राइवरों और दूसरे रोजगार से जुड़े लोगों के लिए सस्ता और स्वादिष्ट भोजन का प्रमुख ठिकाना है, लेकिन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई रुकने से मालिक की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

बुकिंग के 4-5 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

स्थानीय निवासी अमित तेवतिया ने बताया कि उनके छोटे भाई संजय की एक हफ्ते बाद शादी है। एक माह पहले ही अपने जानकारों और पड़ोसियों को सिलेंडर देने के लिए कह दिया था। लेकिन जब सिलेंडर देने का समय आया तो यह संकट आ गया। सिलेंडर बुकिंग होने के बाद भी चार पांच दिन सिलेंडर मिलने में लगने से थोड़ी परेशानी बढ़ गई है।

सरकार बोली- गैस की कोई कमी नहीं है

दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजधानी में एलपीजी., पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या भंडारण से बचें।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।