तेज प्रताप बोले- सब मान जाएंगे, मां से बात होती हैं; ऐश्वर्या ने राबड़ी और बेटे का प्यार पहले ही बताया था
तेज प्रताप यादव ने कहा कि जनता के दिल से उन्हें कोई नहीं निकाल सकता। जब पूछा गया कि जनता के रास्ते पार्टी में वापस आएंगे तो तेज प्रताप ने कहा कि बिल्कुल आएंगे।

बिहार के पूर्व मंत्री और हसनपुर के विधायक तेज प्रताप यादव को कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ तस्वीरें और वायरल होने के बाद पिता लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल और परिवार से बाहर का रास्ता दिखा दिया था। इस प्रकरण को लेकर तेज प्रताप काफी चर्चा में रहे और कई दिनों तक मीडिया से भी दूर रहे। इस बीच उन्होंने भाई तेजस्वी यादव को पुत्र की प्राप्ति और पिता लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी। अब एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में तेजप्रताप ने खुलासा किया है कि उनकी मां राबड़ी देवी से बात होती है, धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा। जनता के रास्ते वे पार्टी में भी आएंगें। हालांकि, पत्नी ऐश्वर्या राय ने पहले ही कह दिया था कि तेज प्रताप का निकाला जाना महज ड्रामा है।
इंडिया टीवी के साथ बात करते हुए तेज प्रताप यादव ने अपने निजी और पॉलिटिकल लाइफ पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कुछ जयचंदों के कारण उन्हें यह स्थिति देखना पड़ा। उनकी दाल रोटी इसी से चलती है तो कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें अपने परिवार और पार्टी के नेताओं से कोई नाराजगी नहीं है। पिता का आदेश उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि जनता के दिल से उन्हें कोई नहीं निकाल सकता। जब पूछा गया कि जनता के रास्ते पार्टी में वापस आएंगे तो तेज प्रताप ने कहा कि बिल्कुल आएंगे। पहली बार स्वीकार किया कि उन्होंने ही फोटो वाला पोस्ट किया था।
तेज प्रताप यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि जनता चुनाव में उनकी भूमिका तय करेगी। उनके पास बड़ी संख्या में लोग रोज आते हैं। हम रोज जनता के बीच ही रहते हैं। कोई रोक नहीं सकता। हसनपुर के लोग हरा भी सकते थे लेकिन, जिताने काम किया। इस बार भी चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए लोग नाराज रहते हैं। धीरे-धीरे सब मान जाते हैं। सिंबल भी आ आएगा। कुछ लोग सोचे होंगे कि पार्टी से निकलवाकर कुछ कर लेंगे तो उनका पापड़ बेला गया हो गया। ऐसे ही मेरा नाम तेजू भैया नहीं है। मुझे लोग दिल से पसंद करते हैं। इस बार के चुनाव में फाइट किया जाएगा और जीता जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव सीएम बनेंगे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मम्मी(राबड़ी देवी) से बात होती है। तेजस्वी यादव, मीसा भारती और लालू प्रसाद से बात होने पर कहा कि यह सब घरेलु बात है। उन्होंने कहा कि मैं कुछ चीजों से आगे निकल चुका हूं।
बता दें कि जब तेजप्रताप यादव को निकाले जाने की खबर आई थी तो पत्नी ऐश्वर्या राय मीडिया के सामने आई थीं। उन्होंने कहा का था कि चुनावी डैमेज कंट्रोल के लिए सब ड्रामा चल रहा है। तेज प्रताप से राबड़ी देवी रोज बात करती हैं। कहा होगा कि कुछ दिन शांत रहो, सब ठीक हो जाएगा।




साइन इन