pyar kiya toh koi galat nahi kiya said tej pratap yadav on viral post with anushka yadav प्यार किया तो कोई गलत नहीं किया, अनुष्का पर पहली बार बोले तेज प्रताप यादव - प्यार सबलोग करते हैं, Bihar Hindi News - Hindustan
More

प्यार किया तो कोई गलत नहीं किया, अनुष्का पर पहली बार बोले तेज प्रताप यादव - प्यार सबलोग करते हैं

अब पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने अपनी तथाकथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो पर चुप्पी तोड़ दी है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में तेजप्रताप ने कहा कि प्रेम सब करते हैं। प्यार किया तो किया। इसमें कोई गलती नहीं है।

Mon, 30 June 2025 01:52 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
प्यार किया तो कोई गलत नहीं किया, अनुष्का पर पहली बार बोले तेज प्रताप यादव - प्यार सबलोग करते हैं

राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव हाल ही में अनुष्का यादव के साथ अपनी वायरल तस्वीर को लेकर काफी चर्चा में थे। अब पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने अपनी तथाकथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव के साथ वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो पर चुप्पी तोड़ दी है। एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में तेजप्रताप ने कहा कि प्रेम सब करते हैं। प्यार किया तो किया। इसमें कोई गलती नहीं है। पार्टी और परिवार से निकाले जाने पर कहा कि कोई मुझे जनता के दिल से नहीं निकाल सकता।

'INDIA TV'के साथ बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। तेज प्रताप यादव से जब अनुष्का यादव के साथ उनकी वायरल पोस्ट के बारे में साक्षात्कार के दौरान पूछा गया तो उन्होंने इसपर भी अपनी बात रखी। तेज प्रताप यादव ने कहा कि मेरा ही पोस्ट था और हमने ही डाला था उसको। मैं उन चीजों पर कुछ कहना नहीं चाहता हूं। जब तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि बाद में आपने कहा था कि यह पोस्ट किसी के द्वारा डाला गया था? तब इसपर तेज प्रताप ने कुछ नहीं कहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मेरी जान को खतरा है, सरकार सुरक्षा दे; तेज प्रताप यादव बोले- 5 लोगों की है साजिश

प्रेम सबलोग करते हैं - तेज प्रताप यादव

लेकिन जब उनसे पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि आपको प्रेम करने की कीमत चुकानी पड़ी है? इसपर तेज प्रताप यादव ने कहा कि प्रेम सभी लोग करते हैं, प्रेम आप भी करते होंगे, किसका क्या कीमत चुकाना पड़ा है। प्रेम किया तो कोई गलत नहीं किया प्रेम किया तो किया। प्रेम सबलोग करते हैं। अभी इसकी वजह से क्या कुर्बानी देनी पड़ी है हम इसपर नहीं जाना चाहते हैं। हम जनता के बीच जाना चाहते हैं। कोई जनता के दिल से किसी को नहीं निकाल सकता है।

हम चुनाव लड़ेंगे - तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव से जब पूछा गया कि हाल फिलहाल में जो कुछ भी घटनाक्रम हुआ उसको देखते हुए बिहार चुनाव से पहले उनकी क्या भूमिका है? इसपर तेज प्रताप यादव ने कहा कि चुनाव से पहले हमारी भूमिका हमारी महान जनता तय करेगी। लाखों-करोड़ों जनता रोज हमारे आवास पर हमसे मिलने आ रही है और रोज जनता दरबार लग रहा है। जनता तय करती है कि नेता कि क्या भूमिका होनी चाहिए। जनता ही बनाती है और जनता ही बिगाड़ती है और जनता ही सर्वोपरि है।

तेज प्रताप यादव से जब पूछा गया कि 6 साल की बर्खास्तगी के बाद उनके राजनीतिक अभियान पर क्या असर पड़ेगा? तब इसपर तेज प्रताप यादव ने कहा कि जो लोग इस भ्रम में हैं जिन्होने हमको संगठन से बाहर किया तो सबसे पहले हम अपने पिता को सर्वोपरि मानते हैं तो हम एक लंबी लकीर खींचना चाहते हैं और इसमे हम आगे निकल चुके हैं। आगे अब जनता के लिए काम करना चाहते हैं। हसनपुर की जनता ने इसीलिए हमको चुना है। इस बार हम चुनाव लड़ेंगे। 

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेज प्रताप यादव अब पायलट बनेंगे, उड्डयन प्रशिक्षण निदेशालय के इंटरव्यू में सफल

इस इंटरव्यू में तेज प्रताप यादव ने पिता लालू प्रसाद यादव द्वारा उन्हें पार्टी और परिवार से निकाले जाने को लेकर यह भी कहा कि कुछ समय के लिए लोग नाराज होते हैं और फिर मान जाते हैं। तेज प्रताप यादव ने कहा कि वो पार्टी (राजद) में वापसी करेंगे और बदले हुए अंदाज में वापस आएंगे। आपको बता दें कि कुछ समय पहले तेज बिहार की हसनपुर विधानसभा सीट से विधायक तेज प्रताप यादव की तस्वीर अनुष्का यादव के साथ फेसबुक पोस्ट के जरिए वायरल हुई थी। इस वायरल पोस्ट में तेज प्रताप यादव अनुष्का यादव के साथ अपना इजहार-ए-इश्क किया था और कहा था कि 12 साल से दोनों रिलेशनशिप में हैं। इस वायरल पोस्ट के बाद उनके पिता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी और परिवार से छह सालों के लिए निकाल दिया था।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।