Rabri Devi Bungalow Row: 15 दिन में राबड़ी आवास खाली करना होगा, जेडीयू ने पूछा- लालू परिवार को मोह क्यों?
Rabri Devi Bungalow Row: राबड़ी देवी ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने से इनकार कर दिया है। सम्राट सरकार ने उन्हें 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इस पर राजनीतिक पारा चरम पर है। जेडीयू ने पूछा है कि लालू परिवार को इसी बंगले से मोह क्यों है?
Rabri Devi Bungalow Row: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना में 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर सियासी घमासान छिड़ा हुआ है। सम्राट सरकार से नोटिस मिलने के बावजूद राबड़ी देवी बंगला खाली करने से इनकार कर चुकी हैं। बताया जा रहा है कि भवन निर्माण विभाग ने उन्हें 15 दिनों के भीतर आवास खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है। दूसरी ओर, यह आवास सम्राट सरकार में मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित हुआ है, जो दलित वर्ग से आते हैं। राज्य सरकार पहले ही बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड वाला सरकारी बंगला आवंटित कर चुकी है, जिसमें लालू परिवार अभी तक शिफ्ट नहीं हुआ है।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को आवास खाली करने के लिए 15 दिन की मोहलत दी है। अगर लालू परिवार इस अवधि में 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को खाली नहीं करेगा, तो उनके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राबड़ी बोलीं- सम्राट फोर्स बुला लें, बंगला खाली नहीं होगा
दिल्ली से पटना लौटीं राबड़ी देवी ने शनिवार दोपहर को मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी फोर्स बुला लें, लेकिन बंगला खाली नहीं किया जाएगा। उनके इस बयान के बाद सियासी पारे को और गर्मा दिया। एनडीए नेताओं और आरजेडी के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सरकारी आवास किसी की निजी संपत्ति नहीं होती है। यह कार्रवाई नियमों के अनुसार हो रही है। डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने भी कहा कि कानून और नियमों के अनुरूप
राबड़
पटना पुलिस पहुंची राबड़ी आवास
राबड़ी देवी के बंगला खाली करने से इनकार करने के बाद शाम में पटना पुलिस और प्रशासन की टीम उनके आवास पहुंच गई। 10 सर्कुलर रोड बंगले में पदाधिकारियों ने पूर्व सीएम से बात की। उनसे यह आवास खाली कर नए आवंटित बंगले में शिफ्ट होने का अनुरोध किया गया। कुछ देर बाद टीम वापस लौट गई।
मंत्री नंदकिशोर राम बोले- दलित हूं इसलिए…
10 सर्कुलर रोड स्थित बंगले को सम्राट सरकार ने मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया है। मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि उनके पास अभी कोई सरकारी आवास नहीं है। उन्हें यह बंगला आवंटित किया गया है। वह दलित हैं। मेरा दलित होना अभिशाप बन गया है।
आरजेडी बोली- बदनाम करने के लिए दलित मंत्री को आवास आवंटित किया
लालू यादव की पार्टी आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि बदनाम करने के लिए राबड़ी आवास दलित मंत्री को आवंटित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाए कि नियमों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की अनदेखी करते हुए पूर्व सीएम राबड़ी देवी का आवास बदला गया है।
भाजपा बोली- सरकारी आवास निजी संपत्ति नहीं
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मामले पर कहा कि सरकारी बंगला किसी की निजी संपत्ति नहीं होती है। सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के तहत ही आवासों का आवंटन और पुनः आवंटन किया जाता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी आदेश की अवहेलना करना लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है।
डिप्टी सीएम बोले- कानून का पालन करें राबड़ी देवी
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को कानून और नियम का पालन करना चाहिए। मकान प्राकरण में जो कानून कहता है, वही होगा। लोगों को उसका अनुपालन करना चाहिए। जो नियम है, उसी के अनुरूप काम करने को सरकार बाध्य है।
दो दशक से इस आवास में रह रहा लालू परिवार
पटना का 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास आरजेडी की राजनीति का प्रमुख केंद्र रहा है। लालू परिवार दो दशक से ज्यादा समय से इस आवास में रह रहा है। नवंबर 2025 में तत्कालीन नीतीश सरकार ने राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से 39 हार्डिंग रोड वाला बंगला आवंटित कर दिया।
इसके बाद उन्हें सर्कुलर रोड वाला आवास खाली करने के लिए समय-समय पर नोटिस दिए गए, मगर लालू परिवार ने बंगला खाली नहीं किया। अब मंत्री नंद किशोर राम को यह बंगला आवंटित कर दिया गया है तो राबड़ी देवी को जल्द से जल्द इसे खाली करने के लिए कहा जा रहा है।
जेडीयू ने पूछा- लालू परिवार को इसी बंगले से मोह क्यों है?
जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राबड़ी देवी इस मामले में हठधर्मिता कर रही हैं। मुकदमे और संपत्ति से तो उन्हें मोह था, लेकिन सरकारी बंगले से ऐसा लगाव क्यों है? पटना में उनके परिवार के पास 43 बीघा जमीन है। महुआबाग में उनका किले जैसे मकान बन रहा है। कैटिल्यनगर में भी उनके शानदार बंगले का निर्माण किया जा रहा है। सरकार ने भी उन्हें नियमानुसार बंगला आवंटित किया है। फिर, इसी बंगले से मोह का क्या कारण है?




साइन इन