Minister Nand Kishor Ram Dalit Card over Rabri Devi refuses to vacate bungalow राबड़ी देवी के बंगला खाली नहीं करने के चैलेंज पर मंत्री नंद किशोर का दलित कार्ड, बोले- अभिशाप बन गया, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राबड़ी देवी के बंगला खाली नहीं करने के चैलेंज पर मंत्री नंद किशोर का दलित कार्ड, बोले- अभिशाप बन गया

पूर्व सीएम राबड़ी देवी के पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड वाले आवास को सम्राट सरकार ने मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया है। राबड़ी ने बंगला खाली करने से इनकार कर दिया, तो मंत्री नंद किशोर ने कहा कि दलित होना अभिशाप बन गया है। 

Sat, 30 May 2026 05:53 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, राकेश द्विवेदी, रामनगर (पश्चिम चंपारण)
share
राबड़ी देवी के बंगला खाली नहीं करने के चैलेंज पर मंत्री नंद किशोर का दलित कार्ड, बोले- अभिशाप बन गया

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास को खाली नहीं करने बात कहने के बाद सियासी पारा चरम पर है। इस बीच सम्राट सरकार में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम ने राबड़ी देवी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उनका दलित होना अभिशाप बन गया है। एक दलित मंत्री को आवास से वंचित करना राबड़ी देवी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। बता दें कि 10 सर्कलुर रोड बंगले को मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। इसे खाली करने का नोटिस राबड़ी देवी को भेजा जा चुका है। उन्हें बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से 39 हार्डिंग रोड पर नया बंगला आवंटित हुआ है।

मंत्री नंद किशोर राम ने शनिवार को पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें मंत्री के रूप में पटना के 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास आवंटित किया गया है। मगर उस आवास में अभी पूर्व सीएम राबड़ी देवी रह रही हैं और उन्होंने आवास खाली करने से इनकार कर दिया है।

नंद किशोर ने आगे कहा, "मैं दलित समाज से आता हूं। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रामनगर विधानसभा से निर्वाचित हुआ हूं। मेरा दलित होना मेरे लिए अभिशाप बन गया है। शायद इसीलिए राबड़ी देवी ने आवास खाली करने से इनकार कर दिया है।" उन्होंने कहा कि इस मामले को वह सरकार में उच्च स्तर पर उठाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राबड़ी देवी के आवास पहुंची पुलिस, कहा था- फोर्स बुला लो, बंगला खाली नहीं करेंगे

राबड़ी देवी को मिला है नोटिस

गौरतलब है कि 10 सर्कुलर रोड का बंगला लंबे समय से लालू-राबड़ी परिवार के पास है। नवंबर 2025 में तत्कालीन नीतीश सरकार ने राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित कर दिया था। इसके बाद भवन निर्माण विभाग ने उन्हें समय-समय पर 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करने का नोटिस दिया, मगर अभी तक लालू परिवार ने आवास खाली नहीं किया।

एक दिन पहले ही विभाग की ओर से राबड़ी देवी को आवास खाली करने का एक और नोटिस भेजा गया। उसमें कहा गया कि यह बंगला मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया है, इसलिए इसे जल्द से जल्द खाली कर दिया जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नया-नया मुख्यमंत्री बनल हैं तो...सीएम सम्राट चौधरी को राबड़ी देवी की खुली चुनौती

आवास खाली करने से इनकार

राबड़ी देवी शनिवार को जब दिल्ली से पटना पहुंची तो उन्होंने मीडिया से बातचीत में आवास खाली करने से साफ इनकार कर दिया। पूर्व सीएम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा कि फोर्स बुला लो, लेकिन बंगला खाली नहीं करेंगे।

बंगले पर पहुंची पुलिस

इसके कुछ घंटे बाद शनिवार शाम को ही पटना पुलिस की टीम और भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारी 10 सर्कुलर रोड पहुंच गए। सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी और पदाधिकारियों ने राबड़ी देवी से बात की। उन्हें नियमों के तहत दूसरे आवास में शिफ्ट होने का अनुरोध किया गया।

(रामनगर से राकेश द्विवेदी की रिपोर्ट)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राबड़ी देवी को बंगला खाली करने का फिर से नोटिस, मंत्री को आवंटित हो गया आवास
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।