Patna Police Arrive Rabri Devi Residence Former CM earlier said Force Bula Lo Bungalow Khali Nahi Karenge राबड़ी देवी के आवास पहुंची पटना पुलिस, पूर्व सीएम ने कहा था- फोर्स बुला लो, बंगला खाली नहीं करेंगे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राबड़ी देवी के आवास पहुंची पटना पुलिस, पूर्व सीएम ने कहा था- फोर्स बुला लो, बंगला खाली नहीं करेंगे

लालू यादव की पत्नी एवं पूर्व सीएम राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पटना पुलिस पहुंची है। राबड़ी ने आज ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को चुनौती देते हुए कहा था कि फोर्स बुला लो, लेकिन बंगला खाली नहीं करेंगे।

Sat, 30 May 2026 04:46 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
राबड़ी देवी के आवास पहुंची पटना पुलिस, पूर्व सीएम ने कहा था- फोर्स बुला लो, बंगला खाली नहीं करेंगे

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित आवास पर पुलिस पहुंच गई है। सरकार से नोटिस मिलने के बाद शनिवार को हुई राबड़ी ने कहा था कि वह बंगला खाली नहीं करेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को फोर्स बुलाकर आवास खाली कराने की खुली चुनौती भी दी। इसके कुछ घंटे बाद ही पटना पुलिस की टीम 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास पर पहुंच गई। इससे बिहार का सियासी पारा गर्मा गया है। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को राज्य सरकार ने 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। उन्हें कई बार 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करने का नोटिस दिया जा चुका है, जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का परिवार दो दशक से रह रहा है।

पटना पुलिस की टीम शनिवार दोपहर बाद 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास पर पहुंची। सविचालय एसडीपीओ अनु कुमारी आवास के अंदर गईं और पूर्व सीएम राबड़ी देवी से बातचीत की। इस दौरान भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बताया गया कि प्रशासन की ओर से राबड़ी देवी से बंगला खाली का अनुरोध करते हुए उन्हें नियमों से अवगत कराया गया। उन्हें हार्डिंग रोड पर आवंटित दूसरे आवास में शिफ्ट होने के लिए कहा गया।

राबड़ी देवी कह चुकी हैं- बंगला खाली नहीं करेंगे

पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने शनिवार दोपहर को ही मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह किसी भी हालत में बंगला खाली नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “सम्राट चौधरी फोर्स बुला लें, हम खाली नहीं करेंगे।”

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नया-नया मुख्यमंत्री बनल हैं तो...सीएम सम्राट चौधरी को राबड़ी देवी की खुली चुनौती

पटना में नहीं हैं लालू यादव

राबड़ी देवी के पति एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव फिलहाल पटना में नहीं हैं। वह एक दिन पहले ही स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर चले गए। 27 मई को गाजियाबाद में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बेटे इराज का बर्थडे मनाया गया था, जिसमें लालू-राबड़ी समेत परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए थे। राबड़ी देवी इस आयोजन के बाद पटना लौट गईं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आम, लीची, लड्डू लेकर सिंगापुर पहुंचे लालू यादव, गले लगीं बेटी रोहिणी आचार्या

मंत्री को आवंटित हुआ बंगला, राबड़ी को मिला नोटिस

सम्राट सरकार ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है। भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में राबड़ी देवी को नोटिस भेजकर बंगला खाली करने के लिए कहा था। इससे पहले भी कई बार उन्हें सरकार की ओर से नोटिस मिल चुका है।

दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नवंबर 2025 में तत्कालीन नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने राबड़ी देवी का आवास बदल दिया था। सरकार ने बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष को 39 हार्डिंग रोड वाला आवास आवंटित किया। उस समय भी आरजेडी की ओर से बंगला खाली नहीं करने की बात कही गई थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर बंगला खाली करने का नोटिस, मंत्री नंदकिशोर रहेंगे

आरजेडी बोली- लोकतांत्रिक व्यवस्था का सवाल

आरजेडी ने राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का नोटिस देने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि एनडीए सरकार को लोक-लज्जा का भी ख्याल नहीं है। राबड़ी बीते 20 सालों से उस आवास में रहती आ रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के साथ ही आज भी वे बिहार विधान परिषद में नेता विरोधी दल हैं। फिर ऐसी कौन सी स्थिति आ गई जो उन्हें 10 सर्कुलर रोड बंगले के बदले दूसरा आवास आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि सवाल महज एक आवास का नहीं है बल्कि सवाल लोकतांत्रिक मर्यादा और व्यवस्था का है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राबड़ी देवी की 'फोर्स भेजने' वाली चुनौती पर डिप्टी सीएम विजय चौधरी का तीखा हमला

भाजपा बोली- सरकारी आवास निजी संपत्ति नहीं

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राबड़ी देवी द्वारा सरकारी आवास खाली नहीं करने संबंधी दिए गए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बिहार में अब कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी बड़ा पदाधिकारी या पूर्व मुख्यमंत्री ही क्यों ना रहा हो, नियमों और कानून से ऊपर नहीं हो सकता। ‎

उन्होंने कहा कि सरकारी आवास किसी व्यक्ति या परिवार की निजी संपत्ति नहीं होती, बल्कि यह जनता के टैक्स के पैसे से निर्मित और संचालित सार्वजनिक संपत्ति है। सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के तहत ही आवासों का आवंटन और पुनः आवंटन किया जाता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति द्वारा सरकारी आदेश की अवहेलना करना लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।