Bihar Election: बिहार की सड़कों पर मुकेश सहनी उतारेंगे 'नाव', क्या है VIP का चुनावी विजन
मुकेश सहनी ने बताया कि सैकड़ों की संख्या में नाव तैयार कराये जा रहे हैं। यह नाव सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके माध्यम से महागठबंधन और वीआईपी के विजन को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

Bihar Election: विकासशील इंसान पार्टी(VIP) के संस्थापक मुकेश सहनी ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव में सड़कों पर पार्टी की नाव चलती नजर आएगी। सैकड़ों की संख्या में नाव तैयार कराये जा रहे हैं। यह नाव सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके माध्यम से महागठबंधन और वीआईपी के विजन को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री रहे मुकेश सहनी ने बयान जारी कर कहा है कि महागठबंधन ने चुनाव के पहले ही अपनी भावी योजनाओं की घोषणा कर दी है।
उन्होंने बताया महागठबंधन की सरकार बनी तो सभी महिलाओं के लिए प्रति माह 2500 रुपए, प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त करने सहित कई योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य अतिपिछड़े, पिछड़े और दलितों को अपने अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरत है कि इस चुनाव में कल्याणकारी सरकार बनाने के लिए वोट दें। सहनी ने कहा कि राज्य में जब अपनी सरकार होगी, तो समस्याएं भी हल होंगी। हमें नया बिहार बनाना है।
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने बताया कि बिहार के लिए नाव प्रतीक मात्र नहीं बल्कि यह जीवन रक्षक साधन है और बिहार समेत देश के बड़े हिस्से में आवागमन का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के समय कई लोगों का जीवन इस नाव पर निर्भर करता है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में हर परिवार में नाव रखा जाता है ताकि विकट स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर निकल सकें। यही कारण है कि वीआईपी ने इसे चुनाव के दौरान जनता तक अपने संदेश पहुंचाने के लिए नाव का सहारे लेने जा रही है।
मुकेश सहनी ने बताया कि यह नाव सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी और पार्टी के विजन के साथ-साथ महागठबंधन के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बिहार का भ्रमण किया। लोगों में महागठबंधन के प्रति बहुत रुझान है।
दरअसल मुकेश सहनी बिहार का डिप्टी सीएम बनने का ऐलान कर चुके हैं। इसके लिए वीआईपी आगामी चुनाव में 60 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर रही है। मुकेश सहनी कहते हैं कि छोटे भाई तेजस्वी यादव सीएम बनेंगे और एक अति पिछड़ा का बेटा डिप्टी सीएम बनेगा।




साइन इन