एक्टिंग लाइक ए चीट मिनिस्टर, नीतीश कुमार पर तेजस्वी की जुबान फिर बहकी; बोले- कॉपी करते हैं
तेजस्वी यादव ने का कि नीतीश कुमार राजद की सभी घोषणाओं की नकल उतार रहे हैं क्योंकि उनके पास अपना कोई विजन नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के युवराज तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर विवादित टिप्पणी की है। तेजस्वी ने नीतीश कुमार को चीट मिनिस्टर बताया है। कहा है कि वे राजद की सभी योजनाओं की नकल उतार रहे हैं क्योंकि उनके पास अपना कोई विजन नहीं है। तेजस्वी के बयान पर एनडीए गुस्से में है। बीजेपी नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि राजद को काफी महंगा पड़ेगा तो जदयू प्रवक्ता नीरज ने भाषाई मर्यादा में रहने की नसीहत दी है।
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार चीटिंग कर रहे हैं। वे अब चीफ मिनिस्टर नहीं बल्कि चीट मिनिस्टर बनकर रह गए हैं। कहा- ही इज नॉट वर्किंग लाइक ए चीफ मिनिस्टर बट वर्किंग लाइक चीट मिनिस्टर। खुद से कुछ नहीं कर सकते तो हमारी सभी घोषणाओं की कॉपी करके ऐलान कर रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि सीएम चीटिंग तो कर ही रहे हैं ना। बिहार की जनता उनको पहचान गई है। अब जनता परिवर्तन लाने के मूड में आ गई है। राज्य के लिए उन्होंने क्या किया,इसका हिसाब देना पड़ेगा।
तेजस्वी यादव के इस बयान पर सियासी खलबली मच गयी है। बीजेपी नेता प्रेम रंजन पटेल ने कहा है कि महागठबंधन के नेताओं को विश्वास हो गया है कि उनकी आगामी चुनाव में हार होने वाली है। इस वजह से बौखला गए हैं। पहले पीएम नरेंद्र मोदी को गाली दी गई। अब नीतीश कुमार के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है। जनता सब समझ रही है। तेजस्वी यादव को यह बयान देना बहुत महंगा पड़ेगा।
जदयू ने भी तेजस्वी के बयान पर प्रहार किया है। पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि ये लोग भाषाई लंपटीकरण के नायक हैं। कभी पीएम को गाली देंगे तो कभी सीएम के बारे में अपमानजनक बयान देंगे।




साइन इन