दिल्ली में नकली iPhone पार्ट्स का बड़ा रैकेट पकड़ा, 5 दुकानदार गिरफ्तार; 1.6 करोड़ का माल जब्त
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पांच दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.6 करोड़ रुपये कीमत के नकली iPhone पार्ट्स और एक्सेसरी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई दिल्ली के रोहिणी इलाके में की गई।

राजधानी दिल्ली में नकली iPhone स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरी बेचने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पांच दुकानदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.6 करोड़ रुपये कीमत के नकली iPhone पार्ट्स और एक्सेसरी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई दिल्ली के रोहिणी इलाके में की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 मार्च को सूचना मिली थी कि रोहिणी सेक्टर-3 के एक मॉल और बाजार में कुछ दुकानों पर iPhone के नकली स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरी को असली बताकर बेचा जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने इन दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कंपनी Apple के एक अधिकृत प्रतिनिधि को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने बरामद सामान की जांच की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच दुकानों से बड़ी मात्रा में नकली सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश (दिनेश स्पेयर पार्ट), शिवम सिंघल (सिंघल्स मोबाइल एक्सेसरी), शिवम (प्रधान जी कम्युनिकेशन), पुनीत (सतगुरु एक्सेसरी) और रामकरण शर्मा (कंसल एक्सेसरीज़ नेक्स्ट) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक ये सभी आरोपी अपनी दुकानों पर नकली iPhone पार्ट्स को असली बताकर ग्राहकों को बेच रहे थे।
जांच के दौरान दुकानदार iPhone उत्पाद बेचने के लिए कोई वैध बिल या कंपनी की अधिकृत अनुमति नहीं दिखा सके। कंपनी के प्रतिनिधि ने जांच के बाद बरामद सभी सामान को नकली घोषित कर दिया।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 1000 बैक पैनल, 180 बॉडी, 228 बैटरी, 48 कैमरा और चार्जिंग फ्लेक्स, 738 बैक कवर, 14 एडेप्टर और 109 USB केबल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इन सभी नकली उत्पादों की कुल कीमत करीब 1.6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से यह कारोबार चला रहे थे और नकली सामान को सप्लायर और खुले बाजार से मंगवाते थे। पुलिस अब इस रैकेट की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है, ताकि नकली iPhone पार्ट्स बनाने और सप्लाई करने वाले असली गिरोह तक पहुंचा जा सके।




साइन इन