लोग सम्मोहित हो, ठगों को कैसे दे देते हैं अपना कीमती सामान; पुलिस ने लाइव डेमो का VIDEO शेयर कर बताया
वीडियो को शेयर करते हुए पुलिस ने लिखा, 'क्राइम ब्रांच ने एक नकली साधु को पकड़ा है, यह नकली साधु लोगों को अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाकर उनके पैसे, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के जेवर ले लेता था। इस लाइव डेमो में देखिए कैसे यह नकली साधु लोगों को अपने जाल में फंसाता था।'

आपने ऐसी कई वारदातों के बारे में पढ़ा या सुना होगा, कि जिसमें किसी महिला या पुरुष को सम्मोहित करके ठग उनका पर्स, मोबाइल, गहने या अन्य कीमती सामान ले जाते हैं। हालांकि ऐसी खबरों पर आसानी से भरोसा नहीं होता है कि कैसे कोई इंसान, किसी और शख्स की बातों में आकर अपना सारा कीमती सामान उतारकर उसे दे सकता है। हालांकि ऐसी खबरें पूरी तरह से सच होती हैं और ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि गुजरात की सूरत पुलिस ने इसी तरह से ठगी करने वाले एक शख्स को हाल ही में गिरफ्तार किया है। यह शख्स साधु का वेश बनाकर लोगों को बातों में फंसाता था, और सम्मोहित करके उनसे उनकी कीमती वस्तुएं ले लेता था।
खास बात यह है कि सूरत पुलिस ने इस फर्जी साधु बाबा का एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें यह बाबा एक युवक को सम्मोहित करते हुए उससे उसकी टीशर्ट, घड़ी और मोबाइल लेता हुआ दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि युवक ये तीनों ही चीजें अपनी खुशी से इस नकली बाबा को देता है, साथ ही यह भी कहता है वह इस बारे में पुलिस से शिकायत भी नहीं करेगा।
फर्जी बाबा मंदिर का पता पूछ शुरू करता है बातचीत
पुलिस ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें वह युवक कार में ड्राइवर की पास वाली सीट पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है और एक युवक को रोककर उससे पता पूछता है। वीडियो में युवक को रोककर वह फर्जी बाबा कहता है- 'हे बेटा यहां अपने आसपास में शिवजी का कोई मंदिर है?' तब वह युवक कहता है- 'हां यहां आधा किलोमीटर दूरी पर एक मंदिर है।' इसके बाद वह नकली साधु युवक से कहता है, 'बेटा एक मिनट, मैंने आपसे रास्ता पूछा आपको बुरा तो नहीं लगा। मैं नागा बाबा हूं, मेरा नाम तो टीवी-अखबार पर सुना ही होगा, भैरवगिरी बाबा, उज्जैन वाले, मेरा हर साल में करोड़ों का भंडारा होता है, मैं वही बाबा हूं।'
बाबा कहता है- तू कमाता बहुत है पर पैसा नहीं रुकता
इसके बाद वह फर्जी साधु उस युवक से पूछता है, 'अभी क्या करते हो?' तो युवक बताता है कि वह सिलाई का काम करता है। इसके बाद बाबा उससे कहता है, 'अभी धन और धंधे से लक्ष्मी रुक रही है, तू कमाता बहुत है, पर जीरो हो जाता है। आज मांग मुझसे क्या चाहिए, बदले में युवक कहता है कुछ नहीं बाबा, बस आपका आशीर्वाद चाहिए।'
बाबा युवक से मांगता है केवल एक रुपया
आगे बाबा उस युवक से कहता है, 'आज मुझे तेरी मेहनत का खाली एक रुपया चाहिए बाबा को', तो युवक कहता है- 'बाबा एक रुपया तो नहीं है, दस रुपया दे सकता हूं।' तो बाबा कहता है- 'मुझे खाली एक रुपया चाहिए बेटा, मैं को मांगने-खाने वाला बाबा नहीं हूं बेटा।' युवक एकबार फिर बाबा को बताता है कि उसके पास एक रुपया नहीं है।
बाबा कहता है- 'दे, आज तू देता है कि मैं देता हूं, वो तो भोलेनाथ जान रहा है बेटा।' इसके बाद वह युवक एक नोट निकालकर बाबा को देते हुए दिखाई देता है। तब बाबा उससे कहता है, 'एक मिनट आगे आओ और जूते निकालकर बात करो। मैं कोई मांगने-खाने वाला बाबा नहीं हूं।'
भभूति लगाकर देता है नोट, कहता है अपने पास रखना
इसके बाद बाबा उस नोट को लौटाते हुए युवक से दोनों हाथ आगे करने को कहकर बोलता है, 'यह भभूति लगाकर मैं नोट दे रहा हूं, पूजा में रखना। यह नोट अलग रखो, यह नोट हाथ में रखो बेटा।' इसके बाद वह चाबी को पॉकेट के अंदर डालने को कहता है और फिर जय महाकाल का जयकारा लगवाता है। बाबा कहता है, इसको पूजा में रखना, काले कपड़े में बांधकर, कभी तेरे घर का अन्न धन, लक्ष्मी नहीं खुटेगा।
आज मांग, मेरे से क्या चाहिए बेटा, आज मैं बहुत खुश हूं, आज मांग ले मेरे से क्या चाहिए। तो युवक कहता है, 'बस सुख शांति रहे और कुछ नहीं।' बोलो- जय महादेव।
पहले युवक से टीशर्ट मांगता है फर्जी बाबा
इसके बाद बाबा उससे कहता है, दाढ़ी के दो बाल दूंगा, रखेगा कि फेंक देगा। जब युवक लेने के लिए हामी भर देता है तो वह बाबा कहता है, ले दोनों हाथ आगे कर, दाढ़ी है, दिख रहा है कुछ, दाढ़ी में कुछ है, अभी तक नहीं पहचाना कि मैं कौन हूं बेटा, तू बरसों से जिसे मानता है, वही तेरे सामने है।
आगे बाबा उस युवक की टीशर्ट की ओर इशारा करके कहता है- आज मेरे को यह टीशर्ट पहनना है, पहनाएगा बाबा को, जब युवक हां कर देता है तो बाबा कहता है- तो फिर पहना दे। मैं भी आज पहनकर जाऊंगा। आगे बाबा पूछता है- मेरे ड्राइवर के सामने मेरा मजाक तो नहीं उड़ाएगा। इसके बाद जब युवक टीशर्ट उतारने लगता है तो वह बाबा कहता है- रूक जा, मैं नागा बाबा हूं, मैं क्या करूंगा इसका।
फिर युवक से उसकी घड़ी मांगता है शख्स
इसके बाद बाबा कहता है- आज मेरे को ये घड़ी पहनना है, पहनाएगा, युवक तुरंत हां कर देता है। तो बाबा फिर अपने हाथ आगे करते हुए कहता है, ले पहना फिर। मेरे ड्राइवर के आगे मेरी मस्करी तो नहीं करेगा। जब युवक इनकार कर देता है तो बाबा कहता है, ले पहना दे फिर। आगे वह कहता है मैं घड़ी लेकर चला जाऊंगा तो पुलिस केस तो नहीं करेगा। युवक इनकार कर देता है।
तीसरी बार युवक से उसका मोबाइल मांगता है बाबा
आगे बाबा कहता है मैं तो तेरी परीक्षा ले रहा था बेटा, मेरी परीक्षा में तू पास है। इसके बाद बाबा एकबार फिर युवक से कहता है- मुझे तेरा मोबाइल ले जाना है, ले जाऊं? तो युवक कहता है- ले जाओ। इसके बाद बाबा उससे मोबाइल निकालने को कहता है। बाबा फिर कहता है, मैं मोबाइल ले जाऊंगा तो मेरे ड्राइवर के सामने मेरा मजाक तो नहीं उड़ाएगा, युवक इनकार कर देता है। इसके बाद बाबा युवक से मोबाइल की कीमत पूछते हैं, तो युवक कहता है आप तो ले जाओ, चाहे जितने का भी हो।
युवक कहता है, मोबाइल कितने को भी हो आप ले जाओ
बाबा फिर पूछता है, बता कितने का है, तो युवक फिर कहता है, कितने का भी हो, आप तो ले जाओ। बाबा कहता है, मैं इस मोबाइल को लेकर चला जाऊंगा, फिर तू आगे जाकर पुलिस केस तो नहीं करेगा? हमारी बदनामी तो नहीं करेगा। युवक साफ मना कर देता है। इसके बाद बाबा कहता है, तू ये खुशी से दे रहा है, तो युवक हां कर देता है।
इसके बाद बाबा कहता है, मैं जाऊं तो युवक कहता है हां जाओ। बाबा फिर कहता है, नहीं बेटा पहले तुम जाओ, मैं भी तेरी परीक्षा लेता हूं कि तू सच में जाता है या नहीं। इसके बाद वह युवक सच में अपना मोबाइल उस बाबा को देकर चला जाता है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए सूरत पुलिस ने लिखा, 'सूरत क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक नकली साधु को पकड़ा, यह नकली साधु लोगों को अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाकर उनके पैसे, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के जेवर ले लेता था। इस लाइव डेमो में देखिए कैसे यह नकली साधु लोगों को अपने जाल में फंसाता था।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन