डॉक्टर का पता पूछने के बहाने रोका, सम्मोहित कर उतरवा लिए महिला के एक लाख के आभूषण
घाटशिला के साड़पुरा में मंगलवार को दो बदमाशों ने एक महिला को सम्मोहित कर लगभग 1 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 700 रुपये नकद ठग लिए। पीड़ित महिला एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं। पुलिस ने घटना की शिकायत दर्ज कराई है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

घाटशिला, संवाददाता। घाटशिला थाना क्षेत्र के साड़पुरा स्थित पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार दोपहर दो शातिर बदमाशों ने एक महिला को सम्मोहित कर लगभग एक लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी सात सौ ठग लिए। ठगी की शिकार सुनीता त्यागी नुआगांव स्थित बाबा ढाबा के पास रहती हैं और एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं। पीड़ित महिला के अनुसार, मंगलवार दोपहर वह घाटशिला बाजार से सब्जी लेकर संत नंदलाल स्कूल रोड होते हुए घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें रोककर किसी डॉक्टर का पता पूछा। जब महिला ने अनभिज्ञता जताई, तो ठग ने उन्हें बातों में उलझा लिया।
उसने महिला को डराते हुए कहा कि आपका बृहस्पति भारी है और आपकी बेटी पर गहरा संकट आने वाला है। बातों ही बातों में दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया। दोनों ने महिला को कपूर खरीदकर लाने को कहा। सम्मोहन का शिकार हुई महिला पास की दुकान से कपूर लेकर आई, जिसके बाद बदमाशों के कहने पर उन्होंने अपनी दो सोने की अंगूठी, गले की सोने की चैन, मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद उन्हें सौंप दिए। बदमाशों ने महिला को पीछे मुड़कर पांच कदम चलने को कहा और इसी बीच वे रफूचक्कर हो गए। होश आने पर महिला ने शोर मचाया और खोजबीन की, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। हरियाणवी भाषा बोल रहे थे ठग पीड़ित महिला ने बताया कि दोनों बदमाश 'हरियाणवी' लहजे में बात कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह और झामुमो नेता संजय तिवारी मौके पर पहुंचे और महिला से जानकारी ली। घटना के संबंध में घाटशिला थाना में पीड़़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मोबाइल लोकेशन के जरिए बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से साड़पुरा और आसपास के मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन