बेमौसम बारिश से उठे सवाल, अगर बेसमेंट पार्किंग में गाड़ियों को हुआ नुकसान तो कौन होगा जिम्मेदार?
बेमौसम बारिश से गर्मी से राहत तो मिल रही है, लेकिन पेरेशानियां भी बढ़ी हैं। अगर बेसमेंट में पानी बढ़ा और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? बिल्डर, एसोसिएशन, या गाड़ी मालिक की?

बेंगलुरु में बेमौसम बारिश ने एक बार फिर गेटेड कम्युनिटी की इंफ्रा स्ट्रक्चर की कमजोरियों को उजागर कर दिया है। एक रेडिट यूजर ने बेसमेंट पार्किंग में भारी जलभराव की तस्वीर साझा की, जहां थोड़ी देर की बारिश में ही लगभग एक फुट पानी भर गया, जिससे पार्क की गई गाड़ियों को खतरा पैदा हो गया।
इस घटना ने एक बार फिर बहस छेड़ दी है कि क्या रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में ड्रेनेज डिजाइन और रखरखाव बेंगलुरु के बढ़ते शहरीकरण की चुनौतियों के साथ तालमेल बिठा पा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
रेडिट यूजर ने लिखा, “हाल की बारिश के बाद पार्किंग लॉट में पानी घुस गया, जो करीब एक फुट ऊंचा हो गया। हैरानी है कि इतनी कम बारिश में इतना जलभराव हो गया।” उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पानी और बढ़ा और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? बिल्डर, एसोसिएशन, या गाड़ी मालिक की?
वाहनों के नुकसान की जिम्मेदारी किसकी?
रेडिट यूजर्स का कहना है कि ज्यादातर मामलों में गाड़ियों में डैमैज मोटर इंश्योरेंस के दायरे में आती है, न कि बिल्डिंग लायबिलिटी इंश्योरेंस के। एक यूजर ने सलाह दी, “अपनी कार के इंश्योरेंस पॉलिसी में टॉप-अप करवाएं, क्योंकि इंश्योरेंस कंपनी ही नुकसान की भरपाई करेगी।”
वहीं कुछ का मानना है कि पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने का जोखिम खुद वाहन मालिक उठाता है। एक यूजर ने कहा, “जहां भी पार्क करो, अपने जोखिम पर करते हो। कोई पार्किंग लायबिलिटी नहीं लेती, सारी जिम्मेदारी तुम्हारी है।”
एक्सपर्ट्स की क्या राय है: लॉ एक्सपर्ट्स के अनुसार, ड्रेनेज सिस्टम के डिजाइन में रेजिडेंट एसोसिएशन की कोई भूमिका नहीं होती। हैंडओवर के बाद रखरखाव की जिम्मेदारी एसोसिएशन की होती है।
RERA के तहत डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड
एडवोकेट आकाश बंटिया के अनुसार, RERA अधिनियम, 2016 के तहत डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड (दोष देयता अवधि) पांच साल की होती है। इस दौरान अगर ड्रेनेज सिस्टम या डिजाइन में खामी है तो बिल्डर उसे मुफ्त में ठीक करने के लिए जिम्मेदार होता है। हालांकि, RERA कोर्ट आमतौर पर वाहन क्षति जैसे परिणामी नुकसान के लिए मुआवजा नहीं देता।
OC से पहले किसकी जिम्मेदारी?
एडवोकेट चंद्रचूड़ भट्टाचार्य का कहना है कि जब तक ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) प्राप्त नहीं हो जाता, तब तक प्रोजेक्ट के रखरखाव की जिम्मेदारी डेवलपर पर होती है। अगर जलभराव डिजाइन या निर्माण की विफलता का नतीजा है, तो बिल्डर डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि के भीतर उत्तरदायी होगा।
डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड खत्म होने पर क्या करें?
यदि यह अवधि समाप्त हो चुकी है, तो RERA के तहत उपाय मुश्किल हो जाते हैं। ऐसे में उपभोक्ता अदालत का दरवाजा खटखटाया जा सकता है, जहां लापरवाही या कंस्ट्रक्शनल डिफेक्ट साबित होने पर मुआवजा मिलने की संभावना रहती है।
क्या बिल्डर ‘फोर्स मेज्योर’ का हवाला दे सकता है?
RERA अधिनियम के तहत फोर्स मेज्योर का मतलब उन असाधारण घटनाओं से है जो डेवलपर के नियंत्रण से बाहर हों, जैसे चक्रवात, भूकंप या कोविड-19 महामारी। सामान्य या भारी मानसूनी बारिश को फोर्स मेज्योर नहीं माना जाता, क्योंकि यह अनुमानित और मौसमी घटना है। बिल्डर ड्रेनेज डिजाइन की खामी को छिपाने के लिए फोर्स मेज्योर का हवाला नहीं दे सकता।
प्रैक्टिकल सलाह क्या है?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि प्रैक्टिकल तौर पर इंश्योरेंस ही सबसे पहला और त्वरित सुरक्षा कवच है। कानूनी प्रक्रिया लंबी और अनिश्चित होती है, जबकि इंश्योरेंस से तुरंत राहत मिल सकती है। साथ ही, बेमौसम में नालों और चेंबरों की सफाई सुनिश्चित करना एसोसिएशन की जिम्मेदारी है।
बेंगलुरु में बारिश का पानी हर साल गेटेड कम्युनिटी की कमियां दिखा देता है। वाहन मालिकों को चाहिए कि वे अपनी मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी को मजबूत करें, जबकि बिल्डरों और एसोसिएशनों को ड्रेनेज सिस्टम की नियमित जांच और रखरखाव सुनिश्चित करना चाहिए। RERA के तहत पांच साल की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि में बिल्डर से दोष सुधार की मांग की जा सकती है, लेकिन गाड़ी के नुकसान के लिए इंश्योरेंस ही बेहतर विकल्प है।
डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया (रेडिट) पर यूजर द्वारा साझा की गई जानकारी पर आधारित है। livehinustan.com ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही उनका समर्थन करता है।




साइन इन