बायोकॉन की फाउंडर किरण मजुमदार शॉ ने भतीजी को बनाया उत्तराधिकारी, जानें कौन हैं वो
Biocon Latest Updates: क्लेयर मजुमदार वर्तमान में बिकारा थेरेप्यूटिक्स की संस्थापक और CEO हैं। यह कंपनी NASDAQ पर लिस्टेड है और बायोकॉन द्वारा इनक्यूबेट की गई थी। उन्होंने MIT और स्टैनफोर्ड से डिग्री हासिल की है, जिसमें कैंसर बायोलॉजी में पीएचडी भी शामिल है।
Biocon Latest Updates: भारत की प्रमुख बायोटेक्नोलॉजी कंपनी बायोकॉन (Biocon) के भविष्य को लेकर एक अहम ऐलान हुआ है। कंपनी की संस्थापक और चेयरपर्सन किरण मजुमदार-शॉ ने अपनी भतीजी क्लेयर मजुमदार को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है। फॉर्च्यून इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने इस बात की जानकारी दी।
चार दशक से अधिक पहले बायोकॉन की स्थापना करने वाली और नि:संतान किरण मजुमदार-शॉ का मानना है कि 37 वर्षीय क्लेयर मजुमदार कंपनी के अगले चरण के ग्रोथ का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त हैं। यह डेवलपमेंट अपग्रेडेड बायोटेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित होगा।
परिवार के अन्य सदस्य भी देंगे सहयोग
किरण ने बताया कि भविष्य में क्लेयर के भाई एरिक मजुमदार, जो कैलटेक में प्रोफेसर और AI एक्सपर्ट हैं, तथा क्लेयर के पति थॉमस रॉबर्ट्स, जो मैसाचुसेट्स जनरल हॉस्पिटल में ऑन्कोलॉजिस्ट हैं, बायोकॉन के पारिवारिक इकोसिस्टम को मजबूत करेंगे।
किरण मजुमदार शॉ ने क्या कहा
किरण मजुमदार शॉ ने कहा, "मैं बायोकॉन की एकमात्र मालकिन हूं, और मुझे यह सुनिश्चित करना है कि कंपनी सही हाथों में जाए। मैंने अपनी भतीजी क्लेयर को अपना उत्तराधिकारी चुना है, क्योंकि उन्होंने साबित कर दिया है कि वह एक कंपनी चला सकती हैं।"
क्लेयर मजुमदार की प्रोफाइल
क्लेयर मजुमदार वर्तमान में बिकारा थेरेप्यूटिक्स की संस्थापक और CEO हैं। यह कंपनी NASDAQ पर लिस्टेड है और बायोकॉन द्वारा इनक्यूबेट की गई थी। उन्होंने MIT और स्टैनफोर्ड से डिग्री हासिल की है, जिसमें कैंसर बायोलॉजी में पीएचडी भी शामिल है। 2024 में लिस्टेड बिकारा का मार्केट कैप 1.6 अरब डॉलर से अधिक है।
बायोकॉन का कर्ज घटा, कारोबार हुआ आसान
कंपनी ने हाल ही में जेनेरिक और बायोलॉजिक्स व्यवसायों का विलय कर दिया है, कर्ज में कमी की है और अपने स्ट्रक्चर को सरल बनाया है। अब बायोकॉन का फोकस बायोसिमिलर पर है, जो कंपनी के रेवेन्यू का लगभग 60% हिस्सा है। कंपनी के पास पहले से 12 प्रोडक्ट बाजार में हैं और लगभग 20 प्रोडक्ट पाइपलाइन में हैं।
ग्रुप कंपनियों में भी नेतृत्व परिवर्तन
श्रीहास तांबे ने बायोकॉन बायोलॉजिक्स के CEO और प्रबंध निदेशक का पदभार संभाल लिया है। सिद्धार्थ मित्तल 1 जुलाई से सिंजेन इंटरनेशनल को लीड करेंगे। किरण मजुमदार शॉ ने कहा कि ग्रुप का फ्यूचर ग्रोथ डिफरेंशिएटेड बायोसिमिलर, मूल बायोलॉजिक दवाओं और अनुसंधान एवं विकास प्लेटफार्मों में AI के गहन एकीकरण पर टिकी होगी। यह बदलाव भारतीय बायोटेक उद्योग के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकता है, जहां पारिवारिक नेतृत्व और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिल रहा है।




साइन इन