सम्राट चौधरी कैबिनेट: किस जाति से कितने मंत्री? जिला और इलाका भी गिन लीजिए; मिथिला और राजपूत को तरजीह, Full List
Samrat Cabinet Ministers Party Caste District Area Full List: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। सीएम, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव समेत अब सरकार में 35 मंत्री होंगे।

Samrat Choudhary Cabinet Ministers Party Caste District Area Full List: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। पटना के गांधी मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व सीएम नीतीश कुमार, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में भाजपा, जदयू, लोजपा-आर, हम और रालोमो के कुल 32 नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। इसके साथ ही सम्राट चौधरी की सरकार में दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर मंत्रियों की कुल संख्या 35 हो गई है। बिहार में सीएम समेत 36 मंत्री बन सकते हैं। भाजपा ने अपने कोटे के सभी 16 मंत्रियों के पद भर लिए हैं। जदयू ने 15 मंत्री बनाकर 1 पद आगे के लिए खाली रखा है। 32 नए मंत्रियों में 19 नीतीश की पिछली सरकार में भी मिनिस्टर बने थे। बचे 13 में ज्यादातर पहली बार मंत्री बने हैं, जबकि कुछ नेता एक अंतराल के बाद सरकार में लौटे हैं।
सम्राट चौधरी की कैबिनेट में नीतीश कुमार की पिछली सरकार से ज्यादातर मंत्री फिर से जगह पा गए हैं, लेकिन भाजपा ने कई नए चेहरों को जगह दी है। भाजपा ने पार्टी के बड़े नेता मंगल पांडेय, सुरेंद्र मेहता और नारायण प्रसाद को फिर से मंत्री नहीं बनाया है। भाजपा कोटे से नीतीश मिश्रा और केदार गुप्ता ने एक पारी ब्रेक के बाद कैबिनेट में वापसी की है। बीजेपी ने मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंदकिशोर राम और इंजीनियर शैलेंद्र को पहली बार मंत्री बनाया है। जदयू कोटे से नीतीश के बेटे निशांत कुमार के अलावा बुलो मंडल और श्वेता गुप्ता पहली बार मंत्री बने हैं। जदयू ने पहले कभी मंत्री रहे भगवान सिंह कुशवाहा और दामोदर रावत को एक बार फिर मौका दिया है। लोजपा-आर, हम और रालोमो ने अपने पुराने मंत्रियों संजय पासवान, संजय सिंह, संतोष कुमार सुमन और दीपक प्रकाश कुशवाहा को दोबारा सरकार में भेजा है।
सरकार में राजपूत मंत्री सबसे ज्यादा, कोइरी और भूमिहार की संख्या बराबर
सम्राट कैबिनेट में ओबीसी, ईबीसी, सवर्ण, दलित और महादलित का संतुलन बिठाने की कोशिश की गई है। राजपूत जाति के सबसे ज्यादा 4 नेता मंत्री बने हैं। नीतीश की पिछली सरकार में भी 4 ठाकुर मंत्री बनाए गए थे। राजपूतों के बाद कोइरी और भूमिहार के 3-3 मंत्री बने हैं। सम्राट चौधरी समेत कोइरी जाति से 3 कुशवाहा नेता मंत्री बने हैं। विजय चौधरी समेत 3 भूमिहार मंत्री बने हैं। 2-2 मंत्रियों वाली जातियों में यादव, ब्राह्मण, सूड़ी, कुर्मी, धानुक, निषाद, दुसाध, मुसहर और रविदास हैं। 1-1 मंत्री वाली जातियों में कानू, कलवार, कहार, पासी, तेली और गंगोता बिरादरी है। 1 मुसलमान मंत्री भी बनाए गए हैं।
3-3 मंत्रियों के साथ मधुबनी और वैशाली आगे, 7 जिलों से 2-2 मंत्री, 14 जिलों को जीरो
सम्राट कैबिनेट में बिहार के 38 जिलों में 14 जिलों से कोई मंत्री नहीं बन सका। सीएम सम्राट समेत 35 मंत्रियों में 3-3 मिनिस्टर के साथ मधुबनी और वैशाली का दबदबा है। मुजफ्फरपुर, भागलपुर, दरभंगा, नालंदा, भोजपुर, गोपालगंज और जमुई जिले से 2-2 नेता मंत्री बनाए गए हैं। जमुई से एक ही गांव के पड़ोसी दामोदर रावत और श्रेयसी सिंह मंत्री बने हैं। 1 मंत्री पाने वाले 15 जिलों में सम्राट के गृह जिला मुंगेर के अलावा पटना, समस्तीपुर, सुपौल, लखीसराय, किशनगंज, जहानाबाद, पश्चिम चंपारण, शेखपुरा, पूर्णिया, कैमूर, सहरसा, शिवहर, बेगूसराय और गया शामिल हैं। नीतीश सरकार में 15 जिलों को मंत्री नहीं मिल पाया था।
मगध की हिस्सेदारी घटी; मिथिला, तिरहुत, अंग, शाहाबाद और कोसी से मंत्री बढ़े
नीतीश कुमार की पिछली सरकार के मुकाबले सम्राट चौधरी कैबिनेट में जहां मगध इलाके के मंत्री कम हुए हैं, वहीं मिथिला, तिरहुत, अंग, शाहाबाद और कोसी की हिस्सेदारी बढ़ी है। सम्राट चौधरी अंग इलाके के मुंगेर जिले की तारापुर सीट से विधायक हैं। नीतीश सरकार में मगध से 7 नेता मंत्री बने थे। सम्राट कैबिनेट में मिथिला से 7 मंत्री बनाए गए हैं, जिसे पिछली सरकार में 5 मंत्री पद मिला था। मगध के मंत्रियों की संख्या 7 से घटकर 6 पर आ गई है। तिरहुत के मंत्रियों की संख्या 4 से 6 पर पहुंच गई है। सम्राट के अंग इलाके की हिस्सेदारी डबल हो गई है। नीतीश सरकार में यहां से 3 मंत्री थे, जो अब बढ़कर 6 हो गए हैं। शाहाबाद की हिस्सेदारी 2 से बढ़कर 3 हो गई है। कोसी के मंत्रियों की संख्या 1 से 2 हो गई है। सीमांचल और सारण से 2-2 मंत्री, जबकि चंपारण इलाके से 1 मंत्री बने हैं। नीतीश सरकार में भी इन तीन इलाकों की हिस्सेदारी इतनी ही थी।
सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट मंत्रियों की पार्टी, जाति, जिला और इलाके की सूची
| पद | नाम | पार्टी | जाति | सीट | जिला | इलाका |
|---|---|---|---|---|---|---|
| CM | सम्राट चौधरी | भाजपा | कोइरी | तारापुर | मुंगेर | अंग |
| Dy CM | विजय चौधरी | जदयू | भूमिहार | सरायरंजन | समस्तीपुर | मिथिला |
| Dy CM | बिजेंद्र यादव | जदयू | यादव | सुपौल | सुपौल | कोसी |
| मंत्री | विजय सिन्हा | भाजपा | भूमिहार | लखीसराय | लखीसराय | अंग |
| मंत्री | रामकृपाल यादव | भाजपा | यादव | दानापुर | पटना | मगध |
| मंत्री | नीतीश मिश्रा | भाजपा | ब्राह्मण | झंझारपुर | मधुबनी | मिथिला |
| मंत्री | केदार गुप्ता | भाजपा | कानू | कुढ़नी | मुजफ्फरपुर | तिरहुत |
| मंत्री | दिलीप जायसवाल | भाजपा | कलवार | एमएलसी | किशनगंज | सीमांचल |
| मंत्री | मिथिलेश तिवारी | भाजपा | ब्राह्मण | बैकुंठपुर | गोपालगंज | सारण |
| मंत्री | रमा निषाद | भाजपा | निषाद | औराई | मुजफ्फरपुर | तिरहुत |
| मंत्री | प्रमोद चंद्रवंशी | भाजपा | कहार | एमएलसी | जहानाबाद | मगध |
| मंत्री | लखेंद्र पासवान | भाजपा | दुसाध | पातेपुर | वैशाली | तिरहुत |
| मंत्री | संजय सिंह टाइगर | भाजपा | राजपूत | आरा | भोजपुर | शाहाबाद |
| मंत्री | कुमार शैलेंद्र | भाजपा | भूमिहार | बिहपुर | भागलपुर | अंग |
| मंत्री | नंदकिशोर राम | भाजपा | रविदास | रामनगर | पश्चिम चंपारण | चंपारण |
| मंत्री | रामचंद्र प्रसाद | भाजपा | तेली | हायाघाट | दरभंगा | मिथिला |
| मंत्री | अरुण शंकर प्रसाद | भाजपा | सूड़ी | खजौली | मधुबनी | मिथिला |
| मंत्री | श्रेयसी सिंह | भाजपा | राजपूत | जमुई | जमुई | अंग |
| मंत्री | श्रवण कुमार | जदयू | कुर्मी | नालंदा | नालंदा | मगध |
| मंत्री | निशांत कुमार | जदयू | कुर्मी | सदस्य नहीं | नालंदा | मगध |
| मंत्री | अशोक चौधरी | जदयू | पासी | एमएलसी | शेखपुरा | मगध |
| मंत्री | लेशी सिंह | जदयू | राजपूत | धमदाहा | पूर्णिया | सीमांचल |
| मंत्री | मदन सहनी | जदयू | निषाद | बहादुरपुर | दरभंगा | मिथिला |
| मंत्री | सुनील कुमार | जदयू | रविदास | भोरे | गोपालगंज | सारण |
| मंत्री | जमा खान | जदयू | मुसलमान | चैनपुर | कैमूर | शाहाबाद |
| मंत्री | शीला मंडल | जदयू | धानुक | फुलपरास | मधुबनी | मिथिला |
| मंत्री | रत्नेश सदा | जदयू | मुसहर | सोनवर्षा | सहरसा | कोसी |
| मंत्री | भगवान कुशवाहा | जदयू | कोइरी | जगदीशपुर | भोजपुर | शाहाबाद |
| मंत्री | दामोदर रावत | जदयू | धानुक | झाझा | जमुई | अंग |
| मंत्री | शैलेश- बुलो मंडल | जदयू | गंगोता | गोपालपुर | भागलपुर | अंग |
| मंत्री | श्वेता गुप्ता | जदयू | सूड़ी | शिवहर | शिवहर | तिरहुत |
| मंत्री | संजय पासवान | लोजपा-आर | दुसाध | बखरी | बेगूसराय | मिथिला |
| मंत्री | संजय सिंह | लोजपा-आर | राजपूत | महुआ | वैशाली | तिरहुत |
| मंत्री | संतोष सुमन | हम | मुसहर | एमएलसी | गया | मगध |
| मंत्री | दीपक प्रकाश | रालोमो | कोइरी | सदस्य नहीं | वैशाली | तिरहुत |




साइन इन