दिलीप जायसवाल पर तीसरी किस्त लाएंगे प्रशांत किशोर, बोले- पटना से किशनगंज भेजकर मानेंगे, दम है तो...
प्रशांत किशोर ने कहा कि दिलीप जायसवाल अभी छिपे हुए हैं। सोच रहे हैं कि यह आंधी है, निकल जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं होगा। उनपर आरोपों की तीसरी किस्त भी जल्द ही जारी करेंगे।

जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर ने कहा है कि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर खुलासे की तीसरी किस्त जल्द जारी करेंगे। उन्हें छोड़ेंगे नहीं, दौड़ाकर किशनगंज पहुंचाकर ही मानेंगे। कहा कि उनमें दम है तो प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर जवाब दें। प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर गरीब परिवारों को दो लाख नहीं देकर छलने का आरोप लगाया।
मंलगवार को प्रशांत किशोर बिहार बदलाव यात्रा के क्रम में सारण में बिहार बदलाव जनसभा करने पहुंचे। दरियापुर में जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर फिर हमला बोला। बिहार में अपराध की घटनाओं को छिटपुट बताने पर कहा कि दिलीप जायसवाल खुद एक कॉलेज पर कब्जा किए हुए हैं, उनपर हत्या का आरोप है। साथ ही बिहार के 50 से ज्यादा राजनीतिक परिवारों के बच्चों को बिना किसी एडमिशन टेस्ट के अपने मेडिकल कॉलेज से डिग्री दिलवा दी है। अगर दिलीप जायसवाल में दम है तो प्रेस कांफ्रेंस क्यों नहीं करते हैं।
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि दिलीप जायसवाल अभी छिपे हुए हैं। सोच रहे हैं कि यह आंधी है, निकल जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं होगा। उनपर आरोपों की तीसरी किस्त भी जल्द ही जारी करेंगे। उन्हें छोड़ेंगे नहीं। राजनीति से दौड़ाकर किशनगंज भेजकर ही रुकेंगे। जन सुराज किशनगंज के विकास साह की हत्याकांड की लड़ाई आगे बढ़ायगा जिसमें मृतक की बहन और मां ने दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रशांत किशोर कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के प्रत्येक गरीब परिवार को दो लाख रुपये देने का वादा किया जो आज तक नहीं मिला। 20 साल से कह रहे हैं कि अति पिछड़े-दलितों को घर बनाने के लिए तीन डिसमिल जमीन देंगे, वो भी नहीं मिला। अब जमीन सर्वे पर जो लूट मची है। इन तीनों मुद्दों पर जन सुराज ने एक करोड़ लोगों के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया था। अगर मुख्यमंत्री हमसे नहीं मिलते हैं तो फिर विधानसभा घेराव करेंगे।




साइन इन