Pappu Yadav big demand before the inauguration of Purnia airport wrote a letter to PM Modi पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले पप्पू यादव की बड़ी डिमांड, पीएम मोदी को लिखा पत्र, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले पप्पू यादव की बड़ी डिमांड, पीएम मोदी को लिखा पत्र

पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले सांसद पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी मांग की है। उन्होने पीएम को पत्र लिखकर पूर्णिया हवाई अड्डे का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और बिहार के पहले दलित मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री के नाम पर करने का आग्रह किया है।

Fri, 12 Sep 2025 06:39 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाददाता, पूर्णिया
share
पूर्णिया एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले पप्पू यादव की बड़ी डिमांड, पीएम मोदी को लिखा पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे पूर्णिया में नए एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही लगभग 45,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की भी शुरुआत करेंगे। पूर्णिया हवाई अड्डे का रनवे बिहार का सबसे बड़ा रनवे होगा। राज्य का ये चौथा एयरपोर्ट होगा। लेकिन इससे पहले पूर्णिया सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने पीएम मोदी से बड़ी मांग कर दी है। उन्होने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर पूर्णिया हवाई अड्डे का नामकरण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं बिहार के पहले दलित मुख्यमंत्री स्वर्गीय भोला पासवान शास्त्री के नाम पर करने का आग्रह किया है।

पत्र की प्रतिलिपि उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू को भी भेजी है। सांसद ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल की धरती ने देश को कई महान विभूतियां दी हैं, जिनका योगदान राजनीति, साहित्य, समाज और अध्यात्म सभी क्षेत्रों में अमूल्य रहा है। ऐसे में पूर्णिया हवाई अड्डा केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, इतिहास और पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पप्पू यादव ने तेजस्वी को जननायक बताया, तब भी राहुल के मंच से गायब;फिर नीचे रह गए
ये भी पढ़ें:पप्पू यादव का वनवास खत्म! पूर्णिया में राहुल के सामने तेजस्वी को जननायक बताया
ये भी पढ़ें:पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण में मिलावटी मैटेरियल का यूज, पप्पू यादव का आरोप

उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि स्व. भोला पासवान शास्त्री का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक रहा है। 1914 में पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड में जन्मे शास्त्री जी ने कठिन परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर संस्कृत विद्वान के रूप में पहचान बनाई। स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी और मुख्यमंत्री के रूप में वंचितों की आवाज़ को सत्ता तक पहुंचाना उन्हें “गरीबों का मसीहा” बनाता है। सांसद यादव ने बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सुधांशु जी ने अपने कार्यकाल में लोकतंत्र और संसदीय परंपरा को नई दिशा दी। वे मर्यादा, सादगी और उच्च आदर्शों के प्रतीक थे और सीमांचल सहित पूरे बिहार के विकास के प्रति उनका दृष्टिकोण प्रेरणादायी रहा। पत्र में साहित्य जगत का भी जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि माता रेणु जी ने सीमांचल के लोकजीवन और संस्कृति को साहित्यिक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। वे केवल फणीश्वरनाथ रेणु जी की धर्मपत्नी ही नहीं, बल्कि स्वयं एक सृजनशील लेखिका थीं, जिन्होंने समाज में महिलाओं की चेतना और भूमिका को नई पहचान दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीएम के आगमन पर पूर्णिया एयरपोर्ट पर सर्व धर्म समभाव, 15 सितम्बर को उद्घाटन
ये भी पढ़ें:पूर्णिया एयरपोर्ट बनकर तैयार, पीएम नरेंद्र मोदी से पहले नीतीश कुमार करेंगे दौरा
ये भी पढ़ें:पूर्णिया एयरपोर्ट की डेडलाइन 6 दिन और बढ़ी, 15 सितंबर को मोदी करेंगे उद्घाटन

सांसद पप्पू यादव ने महर्षि मेंही जी को भी याद किया, जो संतमत के महान प्रवर्तक, साधना और मानव एकता के संदेशवाहक थे। उन्होंने कहा कि महर्षि मेंही जी का जीवन समाज में शांति, सद्भाव और समरसता का प्रतीक रहा है और वे केवल धार्मिक गुरु नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना के महान मार्गदर्शक भी थे।

अपने पत्र के आखिर में सांसद पप्पू यादव ने आग्रह किया कि पूर्णिया हवाई अड्डे का नामकरण यदि इन विभूतियों में से किसी एक के नाम पर किया जाए तो यह न केवल क्षेत्र की जनता की भावनाओं का सम्मान होगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार और सीमांचल की विरासत को गौरवान्वित करेगा।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।