पूर्णिया एयरपोर्ट बनकर तैयार, पीएम नरेंद्र मोदी से पहले नीतीश कुमार करेंगे दौरा
पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, फाइनल टच चल रहा है। 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 8 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का दौरा करेंगे।

बिहार का पूर्णिया एयरपोर्ट बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को इस हवाई अड्डा का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका निरीक्षण करने वाले हैं। नीतीश का 8 सितंबर को पूर्णिया आगमन होने वाला है। मुख्यमंत्री ने 24 अगस्त 2024 को पूर्णिया एयरपोर्ट पर इसके जल्द निर्माण कार्य को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की थी। मुख्यमंत्री की समीक्षा के करीब एक साल बाद अब पूर्णिया एयरपोर्ट बनकर तैयार हो चुका है।
पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण के साथ आसपास के इलाके की रौनक भी बदलने लगी है। एयरपोर्ट के चारों ओर कनेक्टिंग रोड का निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है। वनभाग से चूनापुर तक रोड बनाई जा रही है।
इसी तरह चूनापुर पुल से चूनापुर गांव होते हुए गोआसी तक सड़कें चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। चुनापूर पुल से सिपाही टोला बाईपास तक रोड के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो गया है। एयरपोर्ट के उदघाटन से पहले कनेक्टिंग रोड को चमचमाने के लिए संबंधित विभागों की ओर से दिन रात एक कर काम किया जा रहा है।
चूनापुर पुल से डीएवी चौक होकर सिपाही टोला बाइपास तक रोड को साफ-सुथरा बनाने के साथ मिट्टी भराई का काम भी किया जा रहा है। जल्द ही रोड पर लाइट लगाए जाने की भी संभावना है। चुनापूर पुल से बायपास तक रोड के नवनिर्माण को लेकर आरसीडी विभाग के द्वारा प्रस्ताव भी विभाग को भेजा गया है।
दूसरी ओर, पूर्णिया के शीशाबाड़ी में पीएम की जनसभा को लेकर भी तैयारी तेज कर दी गई है। हैंगर का निर्माण किया जा रहा है। हेलीपेड बनाया जा रहा है। समाहरणालय सभागार में पीएम एवं सीएम के आगमन को लेकर डीएम अंशुल कुमार एवं एसपी स्वीटी सहरावत की अध्यक्षता में बैठक हुई जिसमें वीवीआईपी मूवमेंट समेत को अन्य विषयों पर चर्चा की गई।
गोकुलपुर में जेडीयू कार्यकर्ताओं से मिलेंगे नीतीश
सीएम नीतीश कुमार का केनगर प्रखंड के गोकुलपुर पंचायत में 8 सितंबर दोपहर को संभावित है। यहां वे जेडीयू कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार और एसपी स्वीटी सहरावत ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। गोकुलपुर में संवाद के बाद नीतीश पूर्णिया एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे।




साइन इन