जहानाबाद में नीट छात्रा के घर पहुंची सीबीआई टीम का विरोध, परिजनों ने अंदर घुसने ही नहीं दिया
नीट छात्रा की मौत मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम को जहानाबाद में विरोध का सामना करना पड़ा। सीबीआई की टीम छात्रा के घर पर पूछताछ के लिए गई थी। मगर अधिकारी वहां से बैरंग लौट गए।

बिहार की राजधानी पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में जांच के लिए सीबीआई की टीम गुरुवार को फिर छात्रा के पैतृक गांव पहुंची। डीएसपी विभा कुमारी के नेतृत्व में सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम गुरुवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे जहानाबाद जिले में स्थित पीड़िता के घर पहुंची। उनके साथ शकूराबाद थाना की पुलिस भी मौजूद रही।
सीबीआई टीम ने मौके पर पहुंचकर अपना परिचय दिया और परिजनों से बातचीत करने का प्रयास किया। मगर छात्रा के परिजनों ने किसी भी प्रकार की जानकारी देने से साफ तौर पर इनकार कर दिया और घर में भी प्रवेश नहीं करने दिया। घर के बाहर लगभग 20 मिनट तक सीबीआई टीम इंतजार करती रही। लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद सीबीआई टीम बैरंग वापस लौट गई।
सीबीआई टीम के गांव में पहुंचते ही ग्रामीणों में हलचल मच गई और लोग अपने-अपने स्तर पर मामले को लेकर चर्चा करते नजर आए। परिजनों का कहना था कि पहले भी कई बार पूछताछ की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी ठोस निष्कर्ष पर जांच नहीं पहुंच सकी है। इस कारण वे बार- बार एक ही बात दोहराने से परेशान हैं।
छात्रा की मां से भी टीम ने बात करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के एक सदस्य ने बताया कि बेटी की याद आते ही वह बार-बार बेहोश हो जाती हैं, इसलिए उनकी स्थिति बातचीत के लिए उपयुक्त नहीं है।
छात्रा के पिता के बारे में पूछने पर बताया गया कि वह ड्यूटी पर गए हुए हैं। इसके बाद सीबीआई टीम प्लस टू प्रवेशिका विद्यालय शकूराबाद पहुंची, जहां छात्रा के पिता के बारे में जानकारी ली गई। विद्यालय में मौजूद लोगों ने बताया कि वे कुछ देर पहले तक थे, लेकिन करीब 10 मिनट पहले स्कूल से कहीं निकल गए हैं।
इसके बाद टीम शकूराबाद थाना पहुंची और परिजनों को धमकी दिए जाने के मामले में दिए गए आवेदन की कॉपी प्राप्त कर संबंधित जानकारी जुटाई। थाना में मौजूद केस के जांच अधिकारी ने बताया कि धमकी वाले मामले में अब तक कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला है और जांच जारी है। आवश्यक कागजात और जानकारी लेने के बाद शकूराबाद थाने से सीबीआई टीम पुनः वापस लौट गई।
बता दें कि बीते जनवरी में पटना के हॉस्टल में जहानाबाद की नीट छात्रा बेहोश मिली थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजन ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने शुरुआत में सुसाइड केस बताया, फिर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात सामने आई तो एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई।
परिजन ने पुलिस, हॉस्टल प्रशासन और डॉक्टरों की मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की तो बिहार सरकार ने यह केस केंद्रीय जांच एजेंसी को ट्रांसफर कर दिया। अब सीबीआई हर एंगल से इसकी जांच में जुटी है। इससे पहले भी सीबीआई के अधिकारी पूछताछ के लिए पीड़िता के घर पहुंच चुके हैं।
(रिपोर्ट- निज संवाददाता, रतनी, जहानाबाद)




साइन इन