NEET girl student had scratch marks on her body hospital nurse reveals secrets to CBI नीट छात्रा के शरीर पर थे खरोंच के निशान, अस्पताल की नर्स ने CBI के सामने खोले ‘राज’, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीट छात्रा के शरीर पर थे खरोंच के निशान, अस्पताल की नर्स ने CBI के सामने खोले ‘राज’

सूत्रों के अनुसार, पटना के एक निजी अस्पताल की नर्स ने सीबीआई को बताया कि नीट छात्रा के शरीर पर खरोंच के कई निशान थे। इस बारे में अस्पताल के डॉक्टरों ने भी आपस में बातचीत की थी। 

Sat, 28 Feb 2026 09:49 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
नीट छात्रा के शरीर पर थे खरोंच के निशान, अस्पताल की नर्स ने CBI के सामने खोले ‘राज’

Patna News: पटना में जहानाबाद की नीट छात्रा के मौत मामले में की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम कर रही है। छात्रा को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी नर्स रितु कुमारी से शुक्रवार को सीबीआई ने पूछताछ की। इस दौरान नर्स ने बताया कि नीट छात्रा के शरीर पर खरोंच के निशान थे। पूछताछ करीब 6 घंटे तक चली। सीबीआई ने छात्रा के अस्पताल में भर्ती होने से लेकर तबीयत बिगड़ने तक की स्थिति को लेकर उससे सवाल किए।

जानकारी के अनुसार, जहानाबाद निवासी नर्स रितु कुमारी शुक्रवार को सीबीआई कार्यालय पहुंचीं। जहां उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल किए गए। सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान नर्स ने स्वीकार किया कि अस्पताल प्रबंधन को छात्रा के साथ कथित गलत घटना की जानकारी थी।

छात्रा के साथ हुई थी अनहोनी

नर्स ने यह भी बताया कि पीड़िता के शरीर पर कोहनी, कंधे सहित अन्य हिस्सों में खरोंच के निशान थे। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों के बीच भी इस बात की चर्चा थी कि छात्रा के साथ कुछ गंभीर अनहोनी हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीट छात्रा मौत केस में अब पुलिस वाले तलब, सीबीआई ने बंद कमरों में दागे सवाल

सीबीआई अब इस मामले में घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसी अस्पताल प्रशासन की भूमिका, इलाज के दौरान की प्रक्रियाओं और सूचना साझा करने में संभावित लापरवाही की पड़ताल कर रही है। मालूम हो कि इससे पहले सीबीआई टीम छात्रा के परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर चुकी है। साथ ही संबंधित थानों के कई पुलिस अधिकारियों से भी बयान लिए गए हैं।

मामले में लगातार हो रही पूछताछ से संकेत मिल रहे हैं कि जांच एजेंसी हर पहलू को खंगाल रही है, ताकि छात्रा की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सके। सीबीआई उस सच्चाई को जानना चाह रही है कि नीट छात्रा के साथ किस तरह का दुर्व्यवहार किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना: नीट छात्रा के कमरे में कौन गया.., CBI ने हॉस्टल संचालिका से पूछे सवाल

बता दें कि पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी कह चुके हैं कि नीट छात्रा के शरीर पर चोट के निशान थे। इससे उन्हें अनहोनी का अंदेशा हुआ था। नीट छात्रा के परिजन ने उसके साथ बलात्कार और फिर उसकी हत्या होने की आशंका जताई थी।

हॉस्टल के कमरे में बेहोश मिली थी छात्रा, अस्पताल में हुई थी मौत

जहानाबाद की नीट छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर ही थी। 6 जनवरी को वह अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोश पाई गई थी। फिर अलग-अलग निजी अस्पतालों में उसका इलाज चला। 11 जनवरी को उसकी मौत हो गई। पुलिस पहले इसे सुसाइड बता रही थी, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात सामने आने के बाद एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नहीं आए मामा तो उनके घर पहुंच गई CBI, नीट छात्रा मौत मामले में ढाई घंटे तक सवाल

परिवार वालों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। साथ ही हॉस्टल एवं अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत के भी आरोप लगाए। इसके बाद राज्य सरकार ने यह केस सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया था। फिलहाल छात्रा की मौत की गुत्थी सुलझाने में केंद्रीय जांच एजेंसी जुटी हुई है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।