बेटी गई, बेटा भी मारा जाएगा; नीट छात्रा के परिजन को 72 घंटे में दूसरी धमकी
जहानाबाद की मृतक नीट छात्रा के परिजन को एक बार फिर धमकी भरा पर्चा घर में मिला। इसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। सीबीआई की टीम भी मंगलवार को दूसरी बार नीट छात्रा के गांव पहुंची।

बिहार की राजधानी पटना के हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के बाद परिजन को लगातार धमकियां मिल रही हैं। जहानाबाद जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र के गांव स्थित छात्रा के घर में मंगलवार को एक बार फिर धमकी भरा पर्चा मिला। इसमें लिखा गया कि नहीं मानोगे तो मारे जाओगे, बेटी गई, बेटा भी जाएगा। बीते 72 घंटे के भीतर परिजन को दूसरी बार ऐसा पर्चा मिला है।
इससे पहले शनिवार को भी छात्रा के घर में रसोई की खिड़की पर पर्चा रखा हुआ मिला था। उसमें लिखा गया था कि ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे। लगातार धमकी भरे पर्चे घर में मिलने से छात्रा का परिवार घबराया हुआ है। हालांकि, अभी तक यह नहीं पता चल पाया है कि ये पर्चे किसने घर में डाले।
परिजन की सुरक्षा बढ़ेगी
पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने जहानाबाद पुलिस से नीट छात्रा के परिजन की सुरक्षा बढ़ाने को कहा। परिजन ने अपनी जान पर खतरे की आशंका जाहिर करते हुए राज्य सरकार से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से पीड़ित छात्रा के घर के बाहर पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात हैं। इसके बावजूद धमकी भरे पर्चे घर के अंदर किसने फेंके, यह जांच का विषय है।
बीते शनिवार को जब शकूराबाद थानाध्यक्ष नीट छात्रा के घर पहुंचे थे, तब उन्होंने पर्चे की जांच पड़ताल की थी। उन्होंने बताया था कि प्रथमदृष्ट्या यह किसी असामाजिक तत्व की करतूत मालूम पड़ती है। पर्चा की सत्यता की जांच की जाएगी।
सीबीआई फिर पहुंची छात्रा के गांव
दूसरी ओर, नीट छात्रा की मौत की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसी सीबीआई की टीम मंगलवार को दोबारा गांव पहुंची। सीबीआई टीम ने परिजन से कुछ देर बात की। 15 फरवरी को भी सीबीआई नीट छात्रा के घर आई थी और कई सामान अपने साथ लेकर गई थी। उस समय मां, पिता और भाई से अलग-अलग कमरे में भी पूछताछ की गई थी।
दो दिन पहले सीबीआई टीम को मृतक छात्रा के भाई का मोबाइल फोन नहीं मिल पाया था। परिजन ने उसे दुकान में रिपेयर कराने की बात कही थी। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम मंगलवार को दोबारा मोबाइल फोन लेने गांव पहुंची। हालांकि, उसे फोन मिला या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया।
क्या है मामला?
जहानाबाद जिले की छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। बीते 6 जनवरी को वह हॉस्टल के कमरे में बेहोश पाई गई थी। 11 जनवरी को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस पहले इसे सुसाइड बता रही थी, लेकिन फिर दरिंदगी की बात सामने आई। परिजन ने रेप और हत्या का आरोप लगाया।
बिहार पुलिस ने एसआईटी का गठन किया। छात्रा के कपड़ों से पुरुष का वीर्य भी मिला, जिसके मिलान के लिए कई लोगों के डीएनए सैंपल लिए गए। जांच का खुलासा होने से पहले ही बिहार सरकार ने यह केस ट्रांसफर कर दिया। अब केंद्रीय एजेंसी नए सिरे से इस केस की हर एंगल से जांच कर रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)




साइन इन