कौन है वो नाबालिग? जिसे यूपी के लड़कों ने कश्मीर में ढूंढकर कुपवाड़ा पुलिस को सौंपा; जानें पूरा मामला
एक नाबालिग लड़के का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का संवेदनशील मामला पिछले तीन दिन से चर्चा में है। 17 साल का ये लड़का लगातार एक ही रट लगाता रहा कि उसने जो भी किया है, अपनी मर्जी से किया है। हालांकि वह यह बात खुद की मर्जी से कह रहा है या किसी दबाव में है, इसका सच पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

UP News : रोजगार की तलाश में कश्मीर गए बिजनौर के एक नाबालिग लड़के का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का संवेदनशील मामला पिछले तीन दिन से चर्चा में है। पीड़ित परिवार के पास किसी अज्ञात नंबर से लड़के के इस्लाम कबूल करने का वीडियो भेजा गया है, जिसके बाद से माता-पिता सदमे में हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश है। हिंदू संगठनों ने परिवार को मदद का भरोसा दिया है और पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा है। इस मामले में मंगलवार को उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब बिजनौर के कुछ युवाओं ने घाटी में लड़के को सकुशल बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी ‘मौसम’ के प्रयास से कश्मीर में रह रहे बिजनौर के युवकों के कारण यह मुमकिन हो सका। जब तक बिजनौर पुलिस टीम कश्मीर पहुंच पाती, उससे पहले ही इन युवकों ने नाबालिग को कुपवाड़ा थाने पहुंचा दिया।
भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ने सोमवार को सोशल मीडिया पर बाखरपुर के इस बेबस परिवार की खबर देखी तो उन्हें प्रकरण का पता चला। ‘मौसम’ ने तुरंत कश्मीर में काम कर रहे बिजनौर के युवकों से संपर्क साधा। उन युवकों ने लड़के को वहां काम करते हुए देखा था। बिना वक्त गंवाए मौसम के कहने पर इन युवकों ने लड़के को ढूंढा और सीधे कुपवाड़ा थाने ले जाकर वहां की पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मंगलवार सुबह लड़के के पिता और मां, मौसम चौधरी के घर पहुंचे। मौसम चौधरी ने तुरंत कश्मीर में मौजूद लड़के से वीडियो कॉल पर संपर्क किया और रोते-बिलखते मां-बाप की बात उनके लाडले से कराई।
दबाव या अपनी मर्जी?
वीडियो कॉल के दौरान 17 साल का लड़का लगातार एक ही रट लगाता रहा कि उसने जो भी किया है, अपनी मर्जी से किया है। हालांकि, मौसम चौधरी का कहना है, वह यह बात खुद की मर्जी से कह रहा है या किसी के भारी दबाव में आकर बोल रहा है, इसका सच पुलिस की जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
यह है मामला
बिजनौर कोतवाली शहर थाना क्षेत्र के गांव बाखरपुर के एक परिवार का नाबालिग बेटा काजीवाला निवासी वसीम के साथ हेयर सैलून का काम सीखने कश्मीर गया था। 15 मई की रात करीब 8 बजे परिवार को खबर मिली कि लड़के का जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया गया है और अब उसका नाम हमजा रखा गया है। सोमवार को पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह के नेतृत्व में परिजनों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने वसीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और एक टीम कश्मीर रवाना कर दी।
क्या बोली पुलिस
एएसपी सिटी डा.केजी सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है। आरोपी की तलाश और नाबालिग की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को कश्मीर भेजा गया है।




साइन इन