UP Weather : यूपी में दिन में छाया अंधेरा, आंधी-बारिश-ओलों से कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त
राजधानी लखनऊ से लेकर वाराणसी, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बदलरामपुर, उन्नाव, हरदोई, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर सहित कई जिलों में आंधी और बारिश का डबल अटैक हुआ। अंधड़ में जगह-जगह पेड़ गिरे और बिजली सप्लाई ठप पड़ गई। आंधी-बारिश की वजह से कई जिलों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में सोमवार की सुबह-सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। राजधानी लखनऊ से लेकर वाराणसी, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बदलरामपुर, उन्नाव, हरदोई, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर सहित कई जिलों में आंधी और बारिश का डबल अटैक हुआ। इस दौरान अंधड़ में जगह-जगह पेड़ गिरे और बिजली सप्लाई ठप पड़ गई। आंधी-बारिश की वजह से कई जिलों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई जिलों में तेज हवाओं मे साथ सुबह ही अचानक मौसम बदल गया। दिन में रात जैसा अंधेरा छा गया। फिर बिजली कड़कने लगी। इसके बाद जोरदार बारिश हुई।
खराब मौसम के बीच दिल्ली से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तीन बार असफल रहने के बाद फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट कर दिया गया। इस फ्लाईट में यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सवार थे। दोनों भोपाल में सुरक्षित उतर गए। सुबह नौ बजते ही नौ बजते ही बाराबंकी में अंधेरा छा गया। तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। मई महीने में लोगों ने ठंड का अहसास किया। कड़कती बिजली से लोग सहम गए। कई जगह ओले भी पड़े।
गोंडा में भी आंधी-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। दिन में रात जैसा नजारा देखने को मिला। जिला मुख्यालय के साथ करनैलगंजमें सोमवार सुबह कुदरत का कहर देखने को मिला। तेज गरज के साथ आई आंधी-बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह बेपटरी कर दिया। आसमान में उमड़े काले बादलों की वजह से दिन के उजाले में रात जैसा मंजर नजर आने लगा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रावस्ती में सुबह तेज पुरवाई हवा के साथ तेज धूप निकली, लेकिन कुछ देर बाद मौसम ने पलटी मार ली और घने बादलों से घना अंधेरा छा गया। देखते ही देखते तेज पछुआ आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे बिजली गुल हो गई।
बहराइच में मूसलाधार बारिश ने सोमवार की सुबह शहर और आसपास के कस्बों की रफ्तार थाम दी। एक घंटे से तेज बारिश अभी नहीं थमी, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इसके पहले सुबह करीब 9:30 बजे आसमान में घने काले बादल छाए और हालात ऐसे बने कि मानो रात का अंधेरा हो। सुबह 9 बजे अचानक मौसम बदला और बादल छा गए। जिससे घनघोर अंधेरा छा गया। आधे घंटे बाद बूंदाबांदी शुरू हुई और 9:35 बजे मूसलाधार बारिश शुरू हुई। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मुख्य मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि गलियों और मोहल्लों में घुटनों तक पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रामनगरी अयोध्या में सोमवार को पौने 11 बजने के साथ काले बादलों ने दस्तक दी और देखते -देखते काले बादल छा गए। तेज हवाएं चलने से चारों तरफ धूल का गुबार देखने को मिला। मार्ग पर जल्द लोग अपनी गंतव्य की तरफ तेज रफ्तार से जाते हुए दिखे। 15 मिनट बाद ही बादलों के गरजने के साथ तेज बारिश शुरू हो गई और मार्ग पर सन्नाटा पसर गया। जो जहां था वही सुरक्षित स्थान देखकर रुक गया।
गोरखपुर में दोपहर करीब 12:30 बजे आसमान का मिजाज बदला। गरज-चमक के साथ तेज बौछारें गिरीं। करीब 2:30 बजे तक रुक-रुककर कई चक्रों में बारिश होती रही। महानगर के कई इलाकों में पानी भर गया। बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर के कुछ हिस्सों में भी जलजमाव हो गया। सड़कों पर फिसलन बढ़ गई। महाराजगंज में सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट बदल ली और तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी। करीब एक बजे आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़-पौधे, कटरैन क्षतिग्रस्त हो गए। सिद्धार्थनगर जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। अचानक दोपहर में ही अंधेरा छा गया। इस दौरान तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल गई। बारिश की वजह से सड़कों पर आवागमन कम हो गया। वहीं लोगों को दिन में ही लाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। सिद्धार्थनगर के जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सूपा बक्शी गांव के पिपरहवा टोला के बगीचे में एक आम का पेड़ गिर गया। इसमें दबकर एक युवक की मौत हो गई। वहीं सिद्धार्थनगर के ही खेसरहा थाना क्षेत्र के केसवार और मिश्रौलिया के चांदेगड़िया गांव में एक-एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या बोले मौसम विशेषज्ञ
मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण हुआ है। उत्तरी हरियाणा में बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह ट्रफ लाइन हरियाणा से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड होते हुए नागालैंड तक फैली हुई है। इसका असर पूर्वी यूपी पर अगले चार दिनों तक रहेगा। इस दौरान आसमान में गहरे काले बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। यह सिस्टम 9 मई तक गोरखपुर के मौसम को प्रभावित करेगा। तेजी से बदलते मौसम के कारण तापमान में गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। न्यूनतम 21 डिग्री के पार होगा। बारिश से नमी बढ़ेगी। बारिश का दौर जारी रहने से यातायात प्रभावित हुआ। कई जगहों पर जलभराव के कारण वाहन फंस गए। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।




साइन इन