यूपी चुनाव से पहले ओपी राजभर को झटका, मुकेश सहनी की VIP में शामिल हुए सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए वर्तमान में उत्तर प्रदेश में सक्रिय हर राजनीतिक दल अपनी ताकत बढ़ाने में जुटा हुआ है। ऐसे में सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष के विकासशील इंसान पार्टी ज्वाइन कर लेने को मुकेश सहनी के अपनी पार्टी के विस्तार के लिए बड़े सियासी दांव के तौर पर देखा जा रहा है।

UP Politics : अगले साल यानी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले मंत्री ओम प्रकाश राजभर को बड़ा सियासी झटका लगा है। उनके नेतृत्व वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम चंद्र कश्यप ने मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ज्वाइन कर ली है। उनके साथ ही पूर्व मंत्री और जन अधिकारी पार्टी के सदस्य रहे अच्छे लाल निषाद ने भी वीआईपी की सदस्यता ग्रहण की है। मुख्यत: बिहार में सक्रिय बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी की अगुवाई वाली विकासशील इंसान पार्टी की उत्तर प्रदेश में सक्रियता बढऩे के साथ ही इसे बड़ी राजनीतिक कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, प्रेम चंद्र कश्यप के वीआईपी ज्वाइन कर लेने की खबर सामने आने के बाद सुभासपा ने उन पर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए वर्तमान में उत्तर प्रदेश में सक्रिय हर राजनीतिक दल अपनी ताकत बढ़ाने में जुटा हुआ है। ऐसे में सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष के वीआईपी ज्वाइन कर लेने को मुकेश सहनी के अपनी पार्टी के विस्तार के लिए बड़े सियासी दांव के तौर पर देखा जा रहा है। प्रेम चंद्र कश्यप जिस सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे उसके संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की गिनती उत्तर प्रदेश की सियासत के प्रमुख नेताओं में होती है। पिछड़े वर्ग के मतदाताओं खासकर राजभर समाज पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है।
उत्तर प्रदेश की सियासत में ओमप्रकाश राजभर ने 2022 का विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके लड़ा था। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनावों के बाद, राजभर और अखिलेश यादव के बीच दूरियां बढ़ गईं और यह गठबंधन बिखर गया। बाद में, उन्होंने फिर से एनडीए (NDA) के साथ जाने का फैसला किया। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर एनडीए में शामिल होने के बाद से ही सपा और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर अक्सर तीखे हमले करते रहते हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी सुभासपा के लिए इस बीच प्रदेश अध्यक्ष का वीआईपी में शामिल हो जाना बड़ा झटका माना जा रहा है।
निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के लिए संघर्ष करेगी वीआईपी
लखनऊ में रविवार को हुए वीआईपी के इस कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन में जुड़कर काम करने की बात कही गई। वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के लिए उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा के खिलाफ उनकी पार्टी पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। वीआईपी प्रमुख ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सबको गुमराह कर रही है।
सुभासपा प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद पार्टी से निष्कासित
सुभासपा प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद कश्यप को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की वजह से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने बताया कि अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी की विचारधारा व नीतियों के विरुद्ध जाने वाले नेताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रेमचंद के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आंतरिक जांच के बाद निष्कासन का फैसला लिया गया है। पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी व्यक्ति इसके अनुरूप कार्य नहीं करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन