प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे में योगी सरकार का बड़ा एक्शन, जिला उद्यान अधिकारी निलंबित
प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज हादसे में योगी सरकार का पहला बड़ा एक्शन हुआ है। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया है। मंत्री ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घायलों से अस्पताल में मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रयागराज में फाफामऊ क्षेत्र में स्थित एक निजी शीत गृह (कोल्ड स्टोरेज) में हुए दर्दनाक हादसे के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में है। मंगलवार को प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रयागराज पहुंचे और मौके का मुआयना किया। जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभागीय लापरवाही और निगरानी में कमी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोमवार को हुए इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल हैं।
मंत्री ने खुद किया घटनास्थल का निरीक्षण
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह हादसे की सूचना पर मंगलवार को विशेष रूप से प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने फाफामऊ स्थित उस कोल्ड स्टोरेज का बारीकी से निरीक्षण किया जहां गैस रिसाव या तकनीकी खराबी के चलते ढांचा गिरने से मजदूर हताहत हुए थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने सवाल-जवाब किए और यह जानने की कोशिश की कि क्या स्टोरेज के संचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।
अस्पताल में घायलों से मुलाकात और ढांढस
निरीक्षण के बाद मंत्री सीधे बेली अस्पताल और स्वरूप रानी नेहरू (SRN) अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में घायल हुए मजदूरों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और सरकार उनके उपचार का पूरा खर्च वहन करेगी। घायलों से बातचीत के दौरान मंत्री भावुक भी नजर आए और उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
जिला उद्यान अधिकारी पर गिरी गाज
हादसे की प्रारंभिक समीक्षा और स्थानीय स्तर पर मिली शिकायतों के आधार पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला उद्यान अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव को प्रथम दृष्टया दोषी माना। उन्होंने कहा कि कोल्ड स्टोरेज के समय-समय पर निरीक्षण और लाइसेंसिंग की जिम्मेदारी जिला उद्यान विभाग की होती है। इसमें हुई चूक की वजह से ही इतना बड़ा हादसा हुआ। मंत्री के निर्देश पर निलंबन की कार्रवाई तुरंत प्रभावी कर दी गई है।
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश हैं कि किसी भी निर्दोष की जान के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह निलंबन केवल शुरुआत है; इस मामले की विस्तृत जांच के बाद कोल्ड स्टोरेज के मालिक और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"




साइन इन