योगी धुरंधर मुख्यमंत्री, अखिलेश होते सीएम तो मेरी हत्या हो जाती, विधायक पूजा पाल का क्यों छलका दर्द?
विधायक पूजा पाल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर वह सीएम रहते उनकी हत्या हो सकती थी। उन्होंने सीएम योगी को 'धुरंधर' बताते हुए अतीक अहमद और सपा के बीच संबंधों को लेकर तीखा हमला बोला।

चायल विधानसभा सीट से विधायक पूजा पाल ने समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। पूजा पाल ने भावुक होते हुए कहा कि यदि आज प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार होती या वे मुख्यमंत्री होते, तो अब तक मेरी हत्या हो चुकी होती। उन्होंने अपनी सुरक्षा का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए उन्हें "धुरंधर" मुख्यमंत्री बताया। पूजा पाल ने कहा, "अगर मैं आज जिंदा हूँ, तो इसकी एकमात्र वजह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं।
दरअसल फिल्म 'धुरंधर-2' में माफिया अतीक अहमद के अंत को दिखाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। इसी को लेकर मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूजा पाल का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने अतीक और मुख्तार अंसारी जैसे खूंखार माफियाओं के साम्राज्य को जड़ से मिटा दिया है। फिल्म 'धुरंधर-2' ने समाजवादी पार्टी और अतीक अहमद के अपवित्र गठबंधन को जनता के सामने पूरी तरह उजागर कर दिया है।
सपा पर गंभीर आरोप: "अतीक था पार्टी का बड़ा फाइनेंसर"
पूजा पाल ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि अतीक अहमद समाजवादी पार्टी के संरक्षण में पल रहा था और देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा था। उन्होंने कहा, "अतीक ने न केवल मेरे पति राजू पाल की हत्या की और मेरी जिंदगी बर्बाद की, बल्कि उसने हजारों परिवारों को तबाह किया। वह सपा का सबसे बड़ा फाइनेंसर था, इसीलिए उसकी मौत से अखिलेश यादव आज भी असंतुष्ट हैं।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि अखिलेश यादव अतीक की कब्र पर फातिहा पढ़ने तक पहुँच जाते हैं, जो उनके अपराधियों के प्रति प्रेम को दर्शाता है।
रामगोपाल यादव के बयान पर पलटवार
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सपा नेता रामगोपाल यादव के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने अतीक की हत्या का बदला लेने की बात कही थी, पूजा पाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "शब्द भले ही रामगोपाल यादव के हों, लेकिन विचार अखिलेश यादव के ही हैं। सपा का पूरा सिस्टम ही हत्यारों और अपराधियों को बचाने के लिए बना है।" उन्होंने खुलासा किया कि जब उन्होंने अतीक गैंग के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का स्वागत किया, तो उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
नकली नोटों और नशे के कारोबार का जिक्र
विधायक ने आरोप लगाया कि अतीक अहमद और उसके गुर्गे सपा के संरक्षण में नकली नोटों का काला कारोबार कर रहे थे और युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रहे थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को इन गतिविधियों की पूरी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने कभी कार्रवाई नहीं की।




साइन इन