प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा: सपा के पूर्व विधायक अंसार अहमद को पुलिस ने हिरासत में लिया, FIR दर्ज
प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा ढहने से चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक और सपा के पूर्व विधायक अंसार अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा ढहने से चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक और समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक अंसार अहमद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत के अनुसार, घटना के संबंध में सोमवार देर रात सात नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दरअसल, चंदापुर गांव स्थित कोल्ड स्टोरेज का एक हिस्सा सोमवार दोपहर अचानक ढह गया। हादसे में घायल श्रमिकों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने मामले की जांच एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनिता सिंह को सौंपी है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट दो दिन में और विस्तृत रिपोर्ट सात दिन के भीतर प्रस्तुत की जाएगी।
जोरदार धमाके के साथ ढहा कोल्ड स्टोरेज की दीवार
जानकारी के मुताबिक, कोल्ड स्टोर में कुल 82 मजदूर कार्यरत थे। दोपहर करीब एक बजे लंच के दौरान आधे से अधिक मजदूर बाहर थे, जबकि 30 से 40 मजदूर अंदर ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान जोरदार धमाके के साथ कोल्ड स्टोर का अगला हिस्सा ढह गया और अंदर मौजूद मजदूर मलबे में दब गए। हादसे की सूचना पर पुलिस कमिश्नर और डीएम वर्मा समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया।
करीब चार घंटे तक चले बचाव अभियान में 17 लोगों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने चार मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में तीन बिहार के सहरसा के और एक मजदूर प्रयागराज का रहने वाला था। घायल मजदूरों को एसआरएन और बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
मृतक के परिजनों को 2-2 लाख देगी सपा
समाजवादी पार्टी ने इस घटना पर दुख जताते हुए हादसे में मारे गए लोगों को मुआवजा देने का ऐलान किया। सपा मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता देगी।




साइन इन