प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज की दीवार ढहने से चार मरे, अमोनिया गैस लीक के कारण हादसा
प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई है। हादसे की वजह अमोनिया गैस पाइप का फटना बताया जा रहा है।

प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे अब तक 4 मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि 13 लोग घायल हो गए। घटना के समय वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए थे। जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। चांदपुर के पूर्व विधायक का कोल्ड स्टोरेज बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार गिरने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूरी दीवार अचानक ढह गई।
अमोनिया गैस पाइप फटने से हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह अमोनिया गैस की पाइप फटना बताई जा रही है। पाइप फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। अमोनिया गैस के रिसाव के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त करीब 20 मजदूर कोल्ड स्टोर के अंदर काम कर रहे थे। दीवार गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए।
गुस्साए लोगों ने एंबुलेंस पर पथराव किया
हादसे के बाद जब बचाव टीम और रेस्क्यू टीम पहुंची तो गुस्साए ग्रामीणों ने एंबुलेंस पर पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस से तीखी नोक-झोंक भी हुई। अभी तक 4 शव बरामद हुए हैं। जेसीबी से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और डीएम मनीष वर्मा मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने घटनास्थल पर मौजूद अफसरों से रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।
कई मजदूरों की हालत नाजुक
घायलों को स्वरूप रानी अस्पताल (SRN) ले जाया गया है। इनमें से ज्यादातर की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लंच का टाइम था। सभी लोग खाना खाकर आराम कर रहे थे । तभी बिल्डिंग गिर गई। जो भी अंदर था, वो भाग नहीं पाया। हमने किसी तरह से अपनी जान बचाई।
फिलहाल कई जेसीबी की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकालने काम जारी है। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है। अमोनिया गैस की बदबू के चलते लोग मुंह पर कपड़ा (रुमाल, गमछा) बांधे हुए हैं। गैस रिसाव की वजह से रेस्क्यू में भी दिक्क्त आ रही है। कोल्ड स्टोरेज करीब 60 एकड़ जमीन में फैला है। कोल्ड स्टोरेज का 40 फीट ऊंचा और 75 फीट लंबा हिस्सा ढहा है।
इन मजदूरों की हुई मौत
1-जगदीश (42) पुत्र अशोक कुमार निवासी मलाक हरहर फाफामऊ
2-ज्योतिष कुमार (22) पुत्र मुन्ना लाल सदा निवासी बलियर सलखुआ सहरसा बिहार
3-सनोज उर्फ बिल्लर चौधरी (36) पुत्र विद्यानंद चौधरी निवासी गौरी पिपरा सलखुआ, सहरसा बिहार
4-मसिंदर कुमार (20) पुत्र सक्को सदा निवासी बलियर सलखुआ सहरसा बिहार
हादसे में घायल
1-धर्मेंद्र (45) पुत्र अशोक कुमार निवासी मलाक हरहर फाफामऊ
2-रंजीत कुमार (22) पुत्र कालू निवासी पहलवा बनवा उत्तरी सहरसा बिहार
3-अमरजीत (20) पुत्र सनोज सदा निवासी कमराडीह सलखुआ सहरसा बिहार
4-कार्तिक पटेल (03) पुत्र संजय पटेल निवासी बाबागंज प्रतापगढ़
5-वशिष्ठ नारायण (26) पुत्र बद्री यादव निवासी पिपरा सलखुआ सहरसा बिहार
6-पप्पू यादव (49) पुत्र सरी नंदन निवासी पिपरा सलखुआ सहरसा बिहार
7-अमित चौधरी (18) पुत्र परवेश चौधरी निवासी पिपरा सलखुआ सहरसा बिहार
8-बृजेश कुमार (20) पुत्र जोगिंदर निवासी अमराडीह सलखुआ सहरसा बिहार
9-ननकू सदा (18) पुत्र भगलू निवासी बलियर सलखुआ सहरसा बिहार
10-सिंकू यादव (30) पुत्र जगदीश निवासी पिपरा सलखुआ सहरसा बिहार
11-महेश सदा (19) पुत्र यरिज सदा निवासी सिमड़ी बलियारपुर सलखुआ सहरसा बिहार
12-आशु चौधरी (18) पुत्र गोपाल चौधरी निवासी पिपरा सलखुआ सहरसा बिहार
13-साहुल कुमार (36) पुत्र सूरज नारायण चौधरी निवासी अलानी कोपरिया सहरसा बिहार




साइन इन