मदर्स डे पर यूपी में बड़ी वारदात: दो बीघा जमीन को लेकर युवक ने बरसाईं गोलियां; मां और भाई की हत्या
रविवार सुबह 11 बजे बड़े बेटे राजकिशोर उर्फ गोविंद और छोटे बेटे देवीदीन के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और कुछ देर बाद ही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। राजकिशोर ने दोनाली बंदूक से अपने छोटे भाई देवीदीन और मां शांती देवी की छाती में कई फायर झोंक दिए।

UP News : मदर्स डे पर उत्तर प्रदेश के बांदा से बड़ी वारदात सामने आई है। यहां बबेरू कोतवाली क्षेत्र में तिंदवारी रोड पर रविवार सुबह दो बीघे जमीन के विवाद में बड़े भाई ने अपनी दोनाली लाइसेंसी बंदूक से छोटे भाई और मां पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक बंदूक लेकर फरार हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा करते हुए शव नहीं उठने दिए। सूचना पर एसपी पलाश बंसल ने सीओ और थानाध्यक्ष के साथ घटना स्थल का जायजा लिया और स्थिति संभाली।
बबेरू कस्बे के तिंदवारी रोड निवासी जगदीश मिश्रा ने दो बीघा पुश्तैनी जमीन बेची थी। उसी को लेकर रविवार सुबह 11 बजे बड़े बेटे राजकिशोर उर्फ गोविंद और छोटे बेटे देवीदीन के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते लाठी-डंडे चलने लगे और कुछ देर बाद ही विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। राजकिशोर ने दोनाली बंदूक से 35 वर्षीय छोटे भाई देवीदीन और 60 वर्षीय मां शांती देवी की छाती में कई फायर झोंक दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद राजकिशोर बंदूक लेकर फरार हो गया। परिवारीजन आनन-फानन में देवीदीन और शांति देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
डबल मर्डर की जानकारी लगते ही कोतवाली प्रभारी राजेन्द्र सिंह राजावत, पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्ण कांत त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं सीएचसी में परिवारीजनों हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि जब तक हत्यारा गिरफ्तार नहीं किया जाता शव नहीं उठने दिया जाएगा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित
मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्राेशित परिवारीजनों को समझाकर किसी तरह स्थिति संभाली। पुलिस ने मां और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बांदा के एसपी पलाश बंसल ने बताया कि हमलावर की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मदर्स डे पर वारदात से फैला शोक
मदर्स डे पर एक बेटे द्वारा मां और भाई की हत्या से पूरे इलाके में शोक फैल गया है। लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। लोगोंं का कहना है कि महज दो बीघा जमीन को लेकर जिस तरह की वारदात हुई है वह अपने आप में रिश्तों के कमजोर पड़ने का बहुत बड़ा उदाहरण है। यह स्थिति पूरे समाज के लिए दुखद है।




साइन इन