यूपी में एक सिपाही और एक शिक्षक की बारात में हंगामा, ऐन वक्त पहुंच गईं प्रेमिकाएं; जानें फिर
गोरखपुर में PAC के एक सिपाही की बारात रोकनी पड़ी तो अम्बेडकरनगर में एक शिक्षक की बारात निकलने से पहले हंगामा हो गया। दोनों मामलों में प्रेमिकाएं ऐन बारात निकलने से पहले पहुंच गईं। प्रेमिकाओं ने शादी का झांसा देकर खुद के शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

UP News: उत्तर प्रदेश के दो अलग-अगल जिलों में रविवार को एक जैसी घटनाएं हुईं। गोरखपुर में पीएसी के एक सिपाही की बारात को ऐन वक्त रोकना पड़ा तो अम्बेडकरनगर में एक शिक्षक की बारात निकले से ऐन पहले हंगामा हो गया। दोनों मामलों में प्रेमिकाएं ऐन बारात निकलने से पहले पहुंच गईं। प्रेमिकाओं ने शादी का झांसा देकर खुद के शारीरिक शोषण का आरोप लगाया और उनकी शिकायत पर पुलिस ऐक्शन में आ गई। दोनों मामलों में अब पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के छपिया गांव में रविवार को परछावन के समय एक युवती ने पुलिस के साथ पहुंचकर अपने प्रेमी की बारात रुकवा दी। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक उसका शोषण किया और अब दूसरी जगह विवाह करने जा रहा है। छपिया निवासी रामभागवत यादव का पुत्र विपिन कुमार यादव पीएसी में कांस्टेबल है। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद आरोपी का लखनऊ में बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत एक युवती से संबंध हो गया। युवती आजमगढ़ की रहने वाली बताई जा रही है। आरोप है कि पीएसी जवान प्रेमिका को छोड़कर पीपीगंज थाना क्षेत्र के भप्सा (जसवल बाजार) निवासी एक अन्य युवती से विवाह तय कर लिया था। रविवार को उसकी बारात निकलने की तैयारी चल रही थी।
इसी दौरान परछावन की रस्म के समय प्रेमिका पुलिस के साथ उसके घर पहुंच गई और हंगामा करते हुए बारात रुकवा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने आरोपी के खिलाफ लखनऊ के गोमती नगर थाने में पहले ही मुकदमा दर्ज कराया है। उसी के आधार पर लखनऊ पुलिस टीम खजनी पहुंची थी। खजनी पुलिस के सहयोग से छपिया गांव में दबिश दी गई, लेकिन मौके पर आरोपी या परिवार का कोई जिम्मेदार सदस्य नहीं मिला।
अम्बेडकरनगर में थाने पहुंच युवती ने रुकवाई शिक्षक की बारात
अम्बेडकरनगर में एक शिक्षक की बारात निकलने से ठीक पहले एक शादी में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब तयशुदा दुल्हन ने थाने पहुंचकर विवाह का विरोध करते हुए उसे रुकवाने की मांग कर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक खलीलाबाद में सरकारी शिक्षक है। उसकी शादी टांडा क्षेत्र के एक गांव की एएनएम युवती से तय हुई थी। सगाई समेत अन्य सभी रस्में भी पूरी हो चुकी थीं। आरोप है कि युवक ने युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाए थे। बताया जा रहा है कि 12 मई को बारात युवती के घर जानी थी, लेकिन इससे पहले ही युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका से शादी तय कर ली और जलालपुर स्थित एक मैरिज लॉन से बारात लेकर निकलने की तैयारी कर रहा था। जानकारी मिलते ही तयशुदा दुल्हन पिता के साथ थाने पहुंची और शादी रुकवाने की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।




साइन इन