यूपी के इस जिले में पुलिस कप्तान ने की महकमे की ओवरहालिंग, एक साथ बदले 13 थानेदार
एसपी ने एक ही झटके में 13 थानेदारों को बदल दिया है। सात थानेदारों को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है। एसपी के PRO रहे एसआई अंकित सिंह को निचलौल थाना का एसओ बनाया है। निचलौल एसओ मदन मोहन मिश्र और बरगदवा एसओ शैलेन्द्र शुक्ला को एसपी ने अपना PRO बनाया है।

UP News : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज के पुलिस कप्तान (एसपी) शक्ति मोहन अवस्थी ने जिले में 22 इंस्पेक्टरों और सब इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। एक ही झटके में 13 थानेदारों को बदल दिया है। सात थानेदारों को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है। एसपी ने अपने पीआरओ एसआई अंकित सिंह को निचलौल थाना का एसओ बनाया है। निचलौल एसओ मदन मोहन मिश्र व बरगदवा एसओ शैलेन्द्र शुक्ला को एसपी ने अपना पीआरओ बनाया है।
पुलिस कार्यालय के मीडिया सेल के अनुसार एसपी ने भिटौली थाना के अतिरिक्त निरीक्षक इंस्पेक्टर धनंजय कुमार राय को प्रभारी निरीक्षक बरगदवा, कोल्हुई थाना के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह को थाना श्यामदेउरवा का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। कोतवाली समेत कई थानों के एसओ रह चुके पुरन्दरपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय को थानेदारी की कुर्सी से हटाकर निरीक्षक अपराध थाना श्यामदेउरवा बनाया गया है। फरेंदा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है। उनको भिटौली थाना के अपराध शाखा का निरीक्षक बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात एसआई संजय सिंह पर भरोसा जताते हुए एसपी ने उन्हें पनियरा थाना का एसओ बनाया है। पनियरा थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पर भरोसा जताते हुए एसपी ने फरेंदा कोतवाली का एसओ बनाया है।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह भी अपनी थानेदारी बचाने में कामयाब रहे हैं। उनको नौतनवा थाना का एसओ बनाया गया है। घुघली एसओ गौरव सिंह को कोल्हुई थाना की कमान सौंपी गई है। पीआरओ अंकित सिंह को निचलौल थानाध्यक्ष बनाया गया है। सोहगीबरवा एसओ गौरव राय कन्नौजिया को पुरन्दरपुर का एसओ बनाया गया है। एसओ निचलौल मदन मोहन मिश्र व बरगदवा एसओ शैलेन्द्र शुक्ल को एसपी पीआरओ बनाया गया है। चौक एसओ ओम प्रकाश गुप्त को फरेंदा थाना, परसामलिक एसओ अभय नारायण सिंह को थाना पुरन्दरपुर में तैनात किया गया है। सिन्दुरिया एसओ राजकुमार सिंह को पनियरा थाना, पुलिस लाइन में तैनात एसआई योगेन्द्र राय को सिन्दुरिया थाना का एसएसआई, सिन्दुरिया थाना के एसएसआई को ठूठीबारी कोतवाली के सीमावर्ती चौकी लक्ष्मीपुर खुर्द का चौकी प्रभारी बनाया गया है।
पहली बार इनको मिली थानेदारी
कोतवाली के एसआई सूरज कुमार को घुघली का नया एसओ बनाया गया है। पुलिस लाइन में तैनात एसआई विशाल कुमार शुक्ल को सिन्दुरिया थानाध्यक्ष, कोतवाली के एसआई विवेक कुमार सिंह को थानाध्यक्ष परसामलिक, पुलिस लाइन में तैनात एसआई कृष्ण कुमार सिंह को थाना सोहगीबरवा का एसओ नियुक्त किया गया है। ठूठीबारी थाना के लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी इंचार्ज मनीष पटेल को एसपी ने चौक थाना का एसओ बनाया है।
साक्षात्कार के बाद एसपी ने सौंपी जिम्मेदारी
थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में बदलाव के पहले एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिसिंग के मापदंड पर साक्षात्कार लिया था। इसमें खरा उतरने वालों को अहम जिम्मेदारी मिली है। कई नए चेहरे भी साक्षात्कार के दम पर ही पहली बार एसओ बनाए गए हैं। कई एसओ को दूसरे थानों में थानाध्यक्ष के नीचे काम करने को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना शीर्ष प्राथमिकता है। थानाध्यक्ष पद के निर्वहन की योग्यता व उर्जा रखने वालों को साक्षात्कार के आधार पर ही नियुक्त किया जाएगा।




साइन इन