यूपी के इस शहर में घर बनाने का है सपना तो कर लें तैयारी, जल्द 974 प्लॉट सेल करेगा प्राधिकरण
मेडा ने अपनी विभिन्न योजनाओं में खाली पड़ी निष्प्रयोज्य जमीन का लैंड मोनेटाइजेशन कराया था। पहले चरण में मेडा 1455 भूखंड काटकर लॉटरी और ई-ऑक्शन के जरिये बिक्री कर चुका है। दूसरे चरण के लिए 974 भूखडों की योजना तैयार की है। योजना पर आई आपत्तियों का निस्तारण पिछले साल किया जा चुका है।

UP News: यदि आप उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में अपना घर बनाने का सपना संजोए हुए हों तो यह जल्द पूरा होने जा रहा है। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) अपनी विभिन्न योजनाओं में खाली पड़ी निष्प्रयोज्य जमीन पर 974 प्लॉट सृजित करके बिक्री के लिए निकालने जा रहा है। इस प्रस्ताव को 21 अप्रैल को होने जा रही मेडा की 130वीं बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। योजना पर आई आपत्तियों को पहले ही निस्तारित किया जा चुका है। ईडब्लूएस और एलआईजी भूखंडों को लॉटरी के जरिये बिक्री किया जाएगा।
मेरठ विकास प्राधिकरण ने अपनी विभिन्न योजनाओं में खाली पड़ी निष्प्रयोज्य जमीन का लैंड मोनेटाइजेशन कराया था। पहले चरण में मेडा 1455 भूखंड काटकर लॉटरी और ई-ऑक्शन के जरिये बिक्री कर चुका है। अब दूसरे चरण के लिए मेडा ने 974 भूखडों की योजना तैयार की है। योजना पर आई आपत्तियों का निस्तारण पिछले साल किया जा चुका है।
बताया जा रहा है कि द्वितीय चरण के तहत 22 हेक्टेयर (2.20 लाख वर्गमीटर) जमीन चिह्नित की गई है। इस जमीन पर ईडब्लूएस, एलआईजी, एचआईजी, एमआईजी, व्यावसायिक, नर्सिंग होम, स्कूल, पेट्रोल पंप आदि श्रेणी के 974 प्लॉट काटे जाएंगे। योजना से करीब 5 हजार लोगों को छत मिल सकेगी।
पहले चरण में काटे गए थे 1455 भूखंड
लैंड मोनेटाइजेशन प्रक्रिया के पहले चरण में मेडा ने अपनी 9 आवासीय योजनाओं में 1455 भूखंड पूर्ननियोजित/सृजित कर लॉटरी और ई-ऑक्शन के माध्यम से आवंटित किए गए थे। इससे प्राधिकरण को करीब 700 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।
क्या बोले अधिकारी
मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि लैंड मोनेटाइजेशन के तहत विभिन्न आवासीय योजनाओं में 22 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। इस जमीन पर सभी श्रेणियों के प्लॉट काटकर लोगों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। एलआईजी और ईडब्लूएस श्रेणी के प्लॉटों को लॉटरी के जरिये और एमआईजी और एचआईजी श्रेणी के प्लॉटों को ई-ऑक्शन पद्धति से बिक्री किया जाएगा। चिह्नित की गई जमीन पर नागरिकों से आपत्ति आमंत्रित की गई थी, जिसका निस्तारण किया जा चुका है।
काटे जाने वाले भूखंडों का ब्यौरा
संपत्ति की श्रेणी संख्या
ईडब्लूएस 09
एलआईजी 101
एचआईजी/एमआईजी 782
व्यवसायिक 71
नर्सिंग होम 05
हायर सैकेंडरी स्कूल 04
पेट्रोल पंप/सीएनजी/इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन 01
कम्यूनिटी सेंटर 01
कुल 974




साइन इन