साइबर अपराधियों पर यूपी पुलिस का बड़ा ऐक्शन, इस जिले में बंद कराए 12 हजार सिम
Gorakhpur News - इन सिम कार्ड्स का उपयोग ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल और बैंकिंग फ्रॉड जैसी गतिविधियों में हो रहा था। साइबर कमांडो टीमों की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एजेंसियों ने पहले संदिग्ध नंबरों की पहचान की। इसके बाद टेलीकॉम कंपनियों के सहयोग से उन्हें बंद कराया गया।

UP News: यूपी पुलिस ने साइबर अपराधियों पर बड़ा ऐक्शन लिया है। गोरखपुर जोन में 12 हजार संदिग्ध सिम कार्ड को बंद कराया गया है। यह कार्रवाई लंबी जांच प्रक्रिया के बाद की गई है। जांच में सामने आया कि ये सिम कार्ड फर्जी आईडी पर जारी किए गए थे और इनका इस्तेमाल म्यूल अकाउंट्स के जरिए साइबर ठगी में किया जा रहा था। जिले में करीब एक हजार तो जोन में पांच हजार नंबर अभी जांच के दायरे में हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई संभव है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इन सिम कार्ड्स का उपयोग ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल और बैंकिंग फ्रॉड जैसी गतिविधियों में हो रहा था। साइबर कमांडो टीमों की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई। एजेंसियों ने पहले संदिग्ध नंबरों की पहचान की और फिर टेलीकॉम कंपनियों के सहयोग से उन्हें बंद कराया गया। गोरखपुर जिले में भी करीब 2500 सिम कार्ड निष्क्रिय किए गए हैं। साइबर एक्सपर्ट का कहना है कि ये नंबर साइबर अपराधियों के नेटवर्क से जुड़े थे और कई मामलों में इनका उपयोग पैसे के अवैध ट्रांजैक्शन के लिए किया जा रहा था।
इसके अलावा, करीब 5 हजार अन्य मोबाइल नंबर अभी भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। इन नंबरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और पुष्टि होने पर इन्हें भी बंद करने की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि साइबर अपराधियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड हासिल किए और उन्हें अलग-अलग राज्यों में सक्रिय रखा। साइबर कमांडो उपेंद्र सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अपने नाम पर जारी सिम कार्ड की जानकारी समय-समय पर जांचते रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। साथ ही, किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने दस्तावेज उपलब्ध कराने से बचें। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से साइबर अपराध पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा। आने वाले समय में इस तरह के अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि ठगी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
एक वर्ष में म्यूल खातों से 17 करोड़ की निकासी
गोरखपुर में 2025 में म्यूल खातों से 17 करोड़ रुपये की निकासी की गई। पुलिस की जांच में पता चला है कि 2636 म्यूल खातों से चेक व एटीएम की मदद से रुपयों की निकासी की गई है। दरअसल, साइबर ठग सीधे अपने खातों में रुपये नहीं लेते हैं, इसके लिए म्यूल खातों का इस्तेमाल किया जाता है। यह सभी खाते बेरोजगार व गरीबों को सरकारी योजनाओं का झांसा देकर खुलवाए गए हैं। इस वजह से अब इन पर नजर पड़ी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन