यूपी में कब होंगे पंचायत चुनाव? डेट आने से पहले शुरू होने जा रही डुप्लीकेट वोटरों की छंटनी
प्रयागराज में मतदाता सूची के SIR अभियान के दौरान जिले में 11.56 लाख एएसडी वोटर कम हो गए थे। अंतिम सूची का प्रकाशन हुआ तो नए आवेदनों के बाद सूची में कुल 38.65 लाख असली वोटर ही पाए गए। अब ऐसे वोटरों की खासतौर पर जांच होगी, जिनके पिता और पति के नाम एक हों, आयु का मिलान किया जाएगा।

UP Panchayat Chunav : यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख पांचवीं बार बढ़ा दी गई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 10 जून को होगा। इसके पहले 21 अप्रैल से 28 मई के बीच गहन सत्यापन किया जाएगा। जिसमें डुप्लीकेट वोटरों को अलग किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख बढ़ने से अब विधानसभा चुनाव के बाद ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने के आसार दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है। पंचायत चुनाव में देरी पर कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है या प्रशासक बैठाए जा सकते हैं।
प्रयागराज में एसआईआर में कट गए थे 11.56 लाख लोगों के नाम
प्रयागराज में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान 11.56 लाख लोगों के नाम कटने के बाद अब पंचायत चुनाव में भी मतदाताओं के नाम में कटौती होगी। एसआईआर अभियान के दौरान जिले में 11.56 लाख एएसडी वोटर कम हो गए थे। अंतिम सूची का प्रकाशन हुआ तो नए आवेदनों के बाद सूची में कुल 38.65 लाख असली वोटर ही पाए गए। जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 35 लाख मतदाता हैं। इसमें नगर निगम और नगर पंचायत के वोटरों को मिला लिया जाए तो संख्या काफी अधिक हो जाएगी। ऐसे में अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वोटरों का सत्यापन होगा।
ऐसे वोटरों की खास तौर पर होगी जांच
राज्य निर्वाचन आयोग ने 14 लाख 14 हजार 36 डुप्लीकेट वोटरों की सूची दी थी। जिसके सत्यापन के बाद एक लाख से अधिक डुप्लीकेट वोटर पाए गए थे। अनंतिम मतदाता सूची में लगभग 35 लाख वोटर थे। अब नए कार्यक्रम में एक बार फिर सत्यापन किया जाएगा। ऐसे वोटरों की जांच होगी, जिनके पिता और पति के नाम एक हों, आयु का मिलान किया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची को आधार से लिंक किया गया था। आधार का भी सत्यापन होगा कि वो नंबर सही है या नहीं। एक महीने की मशक्कत के बाद पंचायत चुनाव के लिए नई सूची जारी की जाएगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी एसपी बरनवाल ने बताया कि सभी जिलों में सघन सत्यापन का निर्देश मिला है। जिसके क्रम में कार्रवाई की जाएगी।
21 अप्रैल से 28 मई तक होगा कंप्यूटरीकरण का काम
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 22 अप्रैल को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख बढ़ाने का आदेश शनिवार को जारी कर दिया है। मतदाता सूची के कंप्यूटरीकरण का काम 21 अप्रैल से 28 मई तक होगा। मतदान केंद्रों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, राज्य मतदाता क्रमांक का आवंटन 29 मई से 9 जून तक होगा। 10 जून को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग ने 23 दिसंबर 2025 को अनंतिम मतदाता सूची जारी की थी। अंतिम मतदाता सूची जारी करने की तारीखें पहले 15 जनवरी और फिर 6 फरवरी, 28 मार्च, 15 अप्रैल व 22 अप्रैल घोषित हुईं और आगे बढ़ती रहीं। अब फिर इसे बढ़ाया गया है। अनंतिम मतदाता सूची में 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जो पिछले चुनाव के मुकाबले 40.19 लाख अधिक हैं। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन में देरी होने से पंचायत चुनाव विधानसभा चुनावों के बाद कराए जाने के आसार नजर आ रहे हैं।
क्या बोले जिला निर्वाचन अधिकारी
प्रयागराज के जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीख में संशोधन किया है। जिस क्रम में नया कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अब अंतिम सूची का प्रकाशन 10 जून को होगा।




साइन इन