दूल्हा निकला रेप आरोपी, शादी के दिन ही पहुंची पुलिस; खुल गई 7 साल की पोल
लड़की को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया और फिर सात साल तक इन संबंधों को जारी रखा। इसके बाद उसकी शादी दूसरी जगह हो गई। लड़की ने रेप का केस दर्ज करा दिया। शादी के दिन ही पुलिस पहुंची और दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से लड़की पक्ष और अब तक अनजान रहे लोग हैरान रह गए।

UP News: उत्तर प्रदेश के देवरिया में शादी के दिन ही एक दूल्हे की पोल खुल गई। वह रेप केस का आरोपी निकला। पुलिस ने ऐन शादी के दिन पहुंचकर दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। दूल्हे से पूछताछ करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। इस घटना की दूल्हे-दुल्हन के ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों में भी काफी चर्चा हो रही है। हर कोई इस घटना को लेकर हैरान है। वहीं पुलिस मामले में जांच जारी रखने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही करने की बात कह रही है।
घटना, देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद पता चला है कि इस क्षेत्र के रहने वाले जीशान खान का अपने ही गांव की एक लड़की से सात साल से संबंध था। उन दोनों के बीच पहले दोस्ती हुई फिर लव अफेयर शुरू हो गया। आरोप है कि जीशान ने लड़की को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पिछले सात साल से वह लगातार उसके साथ संपर्क में था और बार-बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। लड़की को भरोसा था कि जीशान शादी उसी के साथ करेगा लेकिन जीशान ने उसे धोखा दे दिया। पिछले दिनों उसकी शादी कहीं और तय हो गई। आरोप है कि शादी तय होने के बाद जीशान ने लड़की से संबंध तोड़ लिए।
लड़की ने कई बार उससे मिलने की कोशिश की लेकिन वह बातचीत करने को भी तैयार नहीं हो रहा था। लड़की ने बहुत जोर दिया तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया। इधर, लड़की को उसकी दूसरी जगह शादी तय होने के बारे में जानकारी मिली। इस पर वह सीधे खुखुंदू थाने पहुंची और जीशान के खिलाफ रेप का केस दर्ज करा दिया। लड़की ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर पिछले सात साल से जीशान उसके साथ रेप कर रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया। इसके बाद जीशान को मंगलवार को उसके निकाह (शादी) के दिन ही गिरफ्तार कर लिया। निकाह के दिन दूल्हा बना जीशान पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करने के बाद जेल पहुंचा दिया गया।
क्या बोली पुलिस
इस बारे में खुखुंदू थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे विधिक कार्यवाही की जाएगी।




साइन इन