शादी के सात दिन बाद दुल्हन की मौत, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा दूल्हा, एक हादसे ने उजाड़ दी दुनिया
बिजनौर में रोडवेज बस ने बाइक सवार दूल्हा-दुल्हन को टक्कर मार दी, जिससे दुल्हन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सात दिन पहले ही दोनों की शादी हुई है।

Bijnor News: यूपी के बिजनौर में हुए एक हादसे ने दूल्हा-दुल्हन की पूरी दुनिया ही उजाड़कर रख दी। सात दिन पहले जो दुल्हन अपने पति के साथ शादी करके ससुराल गई थी, वह अब इस दुनिया से जा चुकी थी। दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी कि नई नवेली दुल्हन की मौत हो गई। दूल्हा भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना की खबर जब घर पहुंची तो वहां भी कोहराम मच दिया। जिस घर में शादी की खुशियों ने अभी सही से विदाई भी नहीं ली थी वहां चीखों के अलावा कुछ नहीं सुनाई दे रहा था। दरअसल रविवार को छाछरी मोड़ के पास रविवार को सड़क पर गिरे पेड़ को बचाने में रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगते ही नई-नवेली दुल्हन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया था। दूल्हे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला मिर्दगान खस्सा कॉलोनी निवासी इकरार की 20 वर्षीय बेटी फिजा की शादी 11 मई को शेरकोट निवासी शहजाद के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक 17 मई को शहज़ाद, पत्नी फिजा को चांदपुर स्थित अपनी मौसी के घर दावत में लेकर गया था। रविवार देर शाम वहां से लौटते समय वह फिजा को उसके मायके वालों से मिलवाने बिजनौर ला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छाछरी मोड़ के पास सड़क के आधे हिस्से में कटा हुआ पेड़ गिरा हुआ था। शहज़ाद ने जैसे ही बाइक को पेड़ से बचाने का प्रयास किया तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में फिजा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहज़ाद घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में शोक व्याप्त है। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
तेज रफ्तार कार ने ले ली बाइक सवार की जान
वहीं दूसरी ओर प्रतापगढ़ कुंडा में भी एक बाइक सवार की जान चली गई। रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे अमरेश, साथी राकेश को बाइक से लेकर अपनी रिश्तेदारी लीलापुर के तिना बर्थडे कार्यक्रम में जा रहा था। रास्ते में करीब साढ़े 10 बजे रामपुर भेड़ियानी के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कार सवार फरार हो गया। सूचना पर पहुंची लीलापुर पुलिस ने दोनों घायलों को लालगंज ट्रामा सेंटर भेजा और परिजनों को सूचना दी। ट्रामा सेंटर पहुंचने पर डॉक्टरों में राकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल साथी अमरेश को गंभीर हालत देख मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।




साइन इन