यूपी: ससुराल आया शख्स फास्ट फूड खिलाने के बहाने किशोरी घर से ले गया, खेत में किया रेप; गिरफ्तार
Uttar-pradesh News - गोरखपुर के सिकरीगंज इलाके में 14 वर्षीय किशोरी को फास्ट फूड खिलाने के बहाने बुलाकर रेप किया गया। आरोपी धनंजय साहनी को पीड़िता की बहन की शिकायत पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के सिकरीगंज इलाके के एक गांव की 14 वर्षीय किशोरी के साथ एक शख्स ने फास्ट फूड खिलाने के बहाने रेप कर दिया। किशोरी के घरवालों को इस बारे में पता चला तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। पीड़िता की बहन की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना को लेकर किशोरी के परिवार में आरोपी के खिलाफ काफी गुस्सा है। वे आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पीड़िता की बहन ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बड़हलगंज थाना क्षेत्र के मैमरा गांव निवासी धनंजय साहनी (उम्र 45 वर्ष) की ससुराल सिकरीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में है। वह विदेश रहकर काम करता है और दो दिन पहले अपने ससुराल सिकरीगंज क्षेत्र आया था।
शुक्रवार की रात करीब 8 बजे वह किशोरी को फास्ट फूड खिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया। आरोप है कि गांव से दूर खेत में ले जाकर उसने किशोरी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी घर पहुंची और परिजनों को जानकारी दी। उसके बाद परिजनों ने शनिवार को पुलिस को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया।
क्या बोली पुलिस
गोरखपुर की सिकरीगंज पुलिस ने शनिवार की देर शाम केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक सिकरीगंज अंजुल कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन