यूपी के कई शहरों में आतंकियों के निशाने पर अफसर-नेता, ATS कर रही संदिग्धों की पड़ताल
आतंकवाद निरोधक दस्ता की पड़ताल में यह तथ्य सामने आने के बाद संदिग्ध आतंकी बाराबंकी निवासी दानियाल अशरफ और कुशीनगर निवासी कृष्णा मिश्रा से नए सिरे से पूछताछ की तैयारी है। ATS दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी।

UP News : पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई के इशारे पर इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म के जरिए संदिग्ध आतंकियों के कई छोटे-छोटे ग्रुप तैयार किए गए हैं। एक ग्रुप में दो से चार युवकों को जोड़कर उन्हें प्रशासन-पुलिस के अधिकारियों और स्थानीय नेताओं पर हमले के अलावा प्रमुख स्थानों के वीडियो-फोटो भेजने के टास्क सौंपे गए हैं।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की पड़ताल में यह तथ्य सामने आने के बाद संदिग्ध आतंकी बाराबंकी निवासी दानियाल अशरफ और कुशीनगर निवासी कृष्णा मिश्रा से नए सिरे से पूछताछ की तैयारी है। एटीएस दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी। एटीएस ने सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम चैनल के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में दानियाल व कृष्णा से शुरुआती पूछताछ में उन्हें सौंपे गए टास्क के बारे में जानकारी हासिल की थी। दोनों को पुलिस थानों व पुलिस अधिकारियों पर हमले की खास जिम्मा सौंपा गया था।
इससे पहले एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े दो अन्य संदिग्ध आतंकियों तुषार व समीर को गिरफ्तार किया था। एटीएस को शुरुआती पड़ताल में चारों संदिग्ध आतंकियों के बीच कोई आपसी कनेक्शन नहीं मिला है। दानियाल व कृष्णा तथा तुषार और समीर के ग्रुप अलग-अलग थे। ऐसे ही कई अन्य ग्रुप भी बनाए गए हैं, जिनमें शामिल युवकों से अलग-अलग पाकिस्तानी हैंडलर संपर्क कर हमलों की साजिश रचते हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन से मिले संदिग्ध मोबाइल नंबरों के जरिए उनके अन्य साथियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। दानियाल व कृष्णा से जुड़े दो अन्य संदिग्ध युवकों के नाम भी सामने आए हैं।
आईएसआई और शहजाद भट्टी से जुड़े दो संदिग्ध आतंकी एटीएस ने दबोचे थे
यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम करने वाले दो संदिग्ध आतंकियों को नोएडा में गिरफ्तार किया था। एक आरोपी तुषार मेरठ का निवासी है जबकि दूसरा आरोपी समीर दिल्ली का रहने वाला है। दोनों पिछले काफी समय से आतंकी साजिश से जुड़े थे। दोनों को टारगेट किलिंग और एक्स-मुस्लिम लोगों की हत्या का काम दिया गया था। इसके अलावा भी नए युवकों को आतंकी नेटवर्क से जोड़ने की जिम्मेदारी मिली थी। टारगेट किलिंग करने के बाद दोनों को दुबई भेजने का जिम्मा शहजाद भट्टी ने लिया था।




साइन इन