यूपी के 62 गांवों के लिए अच्छी खबर, पूर्वांचल से हरिद्वार तक जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे, मांगा गया प्रस्ताव
वेस्ट यूपी से उत्तराखंड तक रफ्तार के प्रोजेक्ट में अब एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मेरठ से प्रयागराज तक बनकर तैयार हो चुके गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार अमरोहा-बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक किया जाना तय हो चुका है।

Amroha News: यूपी के 62 गांवों के लिए अच्छी खबर है। वेस्ट यूपी से उत्तराखंड तक रफ्तार के प्रोजेक्ट में अब एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मेरठ से प्रयागराज तक बनकर तैयार हो चुके गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार अमरोहा-बिजनौर के रास्ते हरिद्वार तक किया जाना तय हो चुका है। इससे पूर्वांचल सीधे हरिद्वार से जुड़ जाएगा।
उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड की राज्य सरकारों के बीच बनी सहमति के बाद यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरि प्रताप शाही ने अमरोहा के 62 गांवों का बंदोबस्ती मानचित्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अपर जिलाधिकारी (एडीएम) स्तर के अफसर को नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जा चुका है। मेरठ से प्रयागराज तक बनकर तैयार लगभग 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे सूबे के 12 जनपदों से होकर गुजर रहा है।
अमरोहा से हरिद्वार तक 'विकल्प-2' पर बनी सहमति
अफसरों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से कनेक्ट करने की संभावनाओं पर लगातार काम किया जा रहा था। पहले तय किए गए एलाइनमेंट में मेरठ से हरिद्वार को कनेक्ट किया जाना था, लेकिन अब अमरोहा से हरिद्वार तक 'विकल्प-2' पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। करीब 146.240 किलोमीटर लंबे इस मार्ग विस्तार से हरिद्वार सीधे पूर्वांचल से जुड़ जाएगा। बीती 9 अप्रैल को यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी हरि प्रताप शाही द्वारा जारी पत्र के बाद अमरोहा के कुल 62 गांवों के बंदोबस्ती मानचित्र स्कैन कर उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए अमरोहा में बलराज सिंह (एडीएम) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि गंगा एक्सप्रेसवे के मंगरौला स्थित एंट्री प्वाइंट से ही हरिद्वार के लिए विस्तार शुरू होगा, जिससे गंगा पर नए पुल निर्माण की आवश्यकता नहीं रहेगी।
अमरोहा जिले के इन गांवों से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे
परियोजना के दायरे में हसनपुर क्षेत्र के गांव मंगरौला, पाइंदापुर मुस्तकम, पिपलौती खुर्द एतमाली, पिपलौती खुर्द मुस्तकम, रूखालू, सिकरौली, गुलामपुर, भैंसरोली, करनखाल, बाईखेड़ा, लुहारी खादर, सोहरका, दीपपुर, आगापुर कला, मछरई, याकूबपुर, सेंमला, बसेड़ा खुर्द, अब्दीपुर, कटाई, पूठी, अटारी, मुरीदपुर, मीरपुर, बल्दाना, बस्तौरा माफी, जलालपुर कला, मूसापुर, सलेमपुर, यकबगड़ी, बस्तौरा रानी, रायपुर शुमाली, देहरा घनश्याम, हैबतपुर गुंसाई, बिरामपुर, पेली, खंडसाल, फत्तेपुर माफी, वलीपुर समेत 62 गांव शामिल हैं। इस संबंध में अमरोहा डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया, एनसीआर के बाद अमरोहा जनपद के व्यापारिक दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ने की असीम संभावना है। इसी के मद्देनजर अमरोहा से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार किया जा रहा है। इसमें जिले के 62 गांवों को शामिल किया जाएगा। यह जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा और विकास में और तेजी आएगी।




साइन इन