आंबेडकर जयंती पर PM मोदी का बड़ा तोहफा, 210 किमी लंबे इस एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 210 किलोमीटर लंबे और छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर बड़ा तोहफा देंगे। दरअसल, 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन करेंगे। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 210 किलोमीटर लंबे और छह लेन वाले इस एक्सप्रेसवे के लोकार्पण को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
कार्यक्रम की तैयारियां अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर, सहारनपुर मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी अभिनंदन सिंह, एनएचएआई अध्यक्ष संतोष यादव, राज्यमंत्री जसवंत सैनी तथा भाजपा जनप्रतिनिधियों की निगरानी में पूरी की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कार्यक्रम स्थल पर 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
यूपी के इन जिलों को करेगी कवर
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर होते हुए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक जाएगा। इससे दिल्ली से देहरादून की यात्रा पहले की तुलना में काफी तेज और सुगम हो जाएगी। एक्सप्रेसवे का निर्माण चार चरणों में किया गया है जिसमें पहला चरण अक्षरधाम से बागपत के खेकड़ा तक 32 किमी का है जबकि दूसरा चरण बागपत से सहारनपुर के लाखनौर तक 32 किमी,तीसरा चरण लाखनौर से गणेशपुर-बिहारीगढ़ तक 42 किमी और चौथा चरण गणेशपुर टोल से देहरादून तक 18 किमी लंबा है। अंतिम चरण में 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया गया है, जो राजाजी नेशनल पार्क से होकर गुजरेगा।
सहारनपुर-देहरादून सीमा पर 340 मीटर लंबी डांट काली सुरंग का निर्माण किया गया है। यहां स्थित मां डांट काली देवी मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूजा-अर्चना करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के लिए गणेशपुर-मनोहरपुर में 65,875 वर्गफीट क्षेत्रफल में 15 हजार लोगों की क्षमता वाला वातानुकूलित जर्मन हैंगर पंडाल बनाया गया है। मंच पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके जरिए देहरादून के महेंद्र ग्राउंड से प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सभा को संबोधित करेंगे।




साइन इन