बुलडोजर पर चढ़कर हुआ दुल्हन का मटकोड़, ढोल-नगाड़े की धुन पर लगे ठुमके; देखते रह गए लोग
दुल्हन अपनी मां , बुआ, भाई , भतीजे और भतीजी सहित पूरे परिवार के साथ बुलडोजर पर चढ़कर मटकोड़ के लिए निकली। इस दौरान गाजे-बाजे की धुन पर जमकर ठुमके भी लगे। बुलडोजर पर दुल्हन संग सवार परिवार और डांस को लोग देखते रह गए। मटकोड़ की रस्म को लेकर इस परिवार ने थोड़ा हटकर फैसला लिया।

UP News : उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार के बुलडोजर ऐक्शन की देश भर में चर्चा होती है। इस बीच लोगों पर बुलडोजर का क्रेज भी दिखता है। कभी राजनीतिक रैलियों में तो कभी शादी समारोहों में बुलडोजर देखे जा रहे हैं। ऐसे ही देवरिया की एक शादी में बुलडोजर ऐक्शन का क्रेज दुल्हन और उनके परिवारवालों में देखने को मिला। देवरिया के खुखंदू थाना क्षेत्र खचाड़ी गांव के रहने वाले सुरेंद्र राजभर की बेटी की बारात आज यानी बुधवार को आनी है। दुल्हन के मटकोड़ की रस्म में हाथी-घोड़े के साथ बुलडोजर, आकर्षण का केंद्र बन गया।
दुल्हन रागनी राजभर अपनी मां सुदान्ती देवी, बुआ फुलमती, भाई भूषण, सुशांत, पियूष, नितेश, भाभी रितू, नीलम, भतीजे बिराट, मानविक और भतीजी सानवी सहित पूरे परिवार के साथ बुलडोजर पर चढ़कर मटकोड़ के लिए निकली। इस दौरान गाजे-बाजे की धुन पर जमकर ठुमके भी लगे। बुलडोजर पर दुल्हन संग सवार परिवार और डांस को लोग देखते रह गए।
जानकार बताते हैं कि मटकोड़ की रस्म में परंपरागत रूप से महिलाएं जाती हैं लेकिन यहां परिवार ने थोड़ा हटकर फैसला लिया। दूल्हे पक्ष की ओर से मंगाए गए सजे-धजे बुलडोजर पर दुल्हन को उसकी मां, बुआ और अन्य महिलाओं के साथ बिठाया गया। बुलडोजर पर फूल-माला चढ़ाई गई। इसके बाद यह बुलडोजर दुल्हन का रथ बन गया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन के बीच बुलडोजर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था।
इस दौरान दुल्हन और घर की अन्य महिलाओं ने बुलडोजर पर जमकर ठुमके लगाए। मटकोड़ की रस्म देखने के लिए पूरे गांव की भीड़ उमड़ पड़ी। रस्म निभाए जाने के दौरान कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिए, जो अब वायरल हो रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि पहली बार ऐसी मटकोड़ देखा है।
परिवारीजनों ने बताया कि चार भाइयों ने अपनी एकलौती बहन की शादी में चार चांद लगाने के लिए कुछ अलग करने की सोची। इसी सोच के तहत बुलडोजर मंगाया गया। परंपरा और आधुनिकता के इस संगम की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। बुजुर्गों ने भी इस नए अंदाज को खूब सराहा।




साइन इन