पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो, बारात में बिहार से यूपी आए 3 लोगों की दर्दनाक मौत; दो की हालत गंभीर
बिहार के गोपालगंज जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के रुपई गांव के रहने वाले ये लोग देवरिया में किसी बारात में शामिल होने के लिए आ रहे थे। मंगलवार देर रात तेज रफ्तार के कारण बोलेरो का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी बेकाबू होकर बघौचघाट के हाजी मार्केट के पास पेड़ से जा टकराई।

UP News : उत्तर प्रदेश के देवरिया में मंगलवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में बिहार के गोपालगंज से बारात में शामिल होने के लिए देवरिया आ रहे पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। देवरिया के बघौचघाट के हाजी मार्केट के पास उनकी बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के गोपालगंज जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के रुपई गांव के रहने वाले ये लोग देवरिया में किसी बारात में शामिल होने के लिए पथरदेवा की तरफ आ रहे थे। मंगलवार देर रात तेज रफ्तार के कारण बोलेरो का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी बेकाबू होकर बघौचघाट के हाजी मार्केट के पास पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर पहचान की कोशिश की। मृतकों में सिर्फ 20 वर्षीय करण कुमार की शिनाख्त हो पाई है। घायलों में गोविंद और भोला शामिल हैं, जिन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। बघौचघाट प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शवों की पहचान होते ही उनके परिवारीजनों को सूचना दी जाएगी और आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। उधर, अधिकारियों ने डॉक्टरों से बात कर हादसे में घायल लोगों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने को कहा है। घायलों के परिवाजनों को भी सूचना देकर बुलाया लिया गया है।




साइन इन