bribers face trouble in up a police inspector accepting 10 thousand rupees and a university clerk accepting 50 thousand यूपी में घूसखोरों की शामत, 10 हजार लेता दरोगा और 50 हजार लेता यूनिवर्सिटी का क्लर्क गिरफ्तार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में घूसखोरों की शामत, 10 हजार लेता दरोगा और 50 हजार लेता यूनिवर्सिटी का क्लर्क गिरफ्तार

बहराइच में विजिलेंस की टीम ने दरोगा सुरेश चंद्र गिरी को एक चाय की दुकान में रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। वहीं आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, गोरखपुर की टीम ने महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात संजय को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

Wed, 29 April 2026 08:38 AMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान, संवाददाता, बहराईच/ गोरखपुर
share
यूपी में घूसखोरों की शामत, 10 हजार लेता दरोगा और 50 हजार लेता यूनिवर्सिटी का क्लर्क गिरफ्तार

UP News : उत्तर प्रदेश में घूसखोरों की शामत आ गई है। मंगलवार को जहां बहराइच में विजिलेंस की टीम ने मोतीपुर थाने की दौलतपुर चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र गिरी को एक चाय की दुकान में रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। वहीं आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, गोरखपुर की टीम ने मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात संविदाकर्मी लिपिक (डाक रिसीवर) संजय को 50 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों कार्रवाईयों से हड़कंप मचा हुआ है।

मुकदमे से नाम निकालने के लिए दरोगा ने मांगी रिश्वत

बहराइच में पकड़ा गया दरोगा गोरखपुर के बांसगांव का रहने वाला है। उसे 10 हजार रुपये सहित पकड़कर नानपारा कोतवाली ले जाया गया। वहां भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया। वहां से दरोगा को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। बांसगांव थाने के हरिहरपुर निवासी सुरेश चंद्र गिरी मोतीपुर थाने की दौलतपुर पुलिस चौकी के प्रभारी हैं। एक आपराधिक मामले में दर्ज हुई एफआईआर से कुछ नामजदों को निकालने के लिए उसने रुपये मांगे थे। दौलतपुर के मजरा लोनियनपुरवा निवासी अवधेश ने एंटी करप्शन टीम निरीक्षक धनंजय सिंह से शिकायत की थी। विजिलेंस टीम ने रुपये पर पाउडर लगाकर अवधेश को दिए थे। मंगलवार को निरीक्षक धनंजय सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम मोतीपुर थाने के नजदीक एक चाय दुकान में मौजूद थी। दोहपर बाद 2:33 बजे वहां दरोगा सुरेश चंद्र गिरी सिविल ड्रेस में पहुंचा। उसने अवधेश से जैसे ही दस हजार रुपये लिए, विजिलेंस टीम ने उसे रुपये समेत पकड़ लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बोलेरो, बारात में बिहार से यूपी आए 3 की दर्दनाक मौत

महाविद्यालय की संबद्धता बढ़ाने के लिए क्लर्क ने मांगे तीन लाख

उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की गोरखपुर की टीम यह कार्रवाई महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित रजिस्ट्रार स्टाफ रूम में की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया। विजिलेंस थाना गोरखपुर में केस दर्ज कर लिया गया है। आजमगढ़ जिले के रौनापार निवासी सुरेन्द्र सिंह ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की है। सुरेन्द्र सिंह रामबदन सिंह महिला महाविद्यालय रौनापार कादीपुर आजमगढ़ के प्रबंधक हैं। उन्होंने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि रजिस्ट्रार डॉ. अंजनी मिश्रा ने उनके महाविद्यालय की स्थाई संबद्धता एक साल बढ़ाने के लिए तीन लाख रुपये की मांग की थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जुड़वा बेटियों के बाद दूधमुंहा बेटा, एक और पिता बना कसाई; गला दबा मासूम की हत्या
ये भी पढ़ें:यूपी चुनाव को प्रभावित करने की रची जा रही साजिश, स्लीपर सेल तैयार कर रहे आतंकी
ये भी पढ़ें:किराये के घर में रखकर..., पूर्व राज्यमंत्री पर महिला ने लगाए यौन शोषण के आरोप

रजिस्ट्रार ने यह रकम संविदाकर्मी संजय पुत्र रामवृक्ष के माध्यम से देने को कहा था। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान, गोरखपुर ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें प्रथमदृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये नकदी देकर संजय के पास भेजा। जैसे ही संजय ने पैसे लिए, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान संजय की अलमारी से 1 लाख 87 हजार 500 रुपये अतिरिक्त भी टीम ने बरामद किए। टीम ने संविदाकर्मी लिपिक संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, टीम ने रजिस्ट्रार को अभी आरोपी नहीं बनाया है, उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।