यूपी में रफ्तार का कहर, कार ने दो बाइकों को रौंदा; 4 युवकों की दर्दनाक मौत
लखीमपुर खीरी के लखनापुर चौराहे के पास इन बाइक सवारों को तेज रफ्तार कार ने रौंद डाला। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद कार भी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

Accident in Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र में सोमवार की आधी रात को हुए एक दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। ये युवक किसी शादी समारोह से वापस अपने गांव जा रहे थे। नीमगांव - मोहम्मदी रोड पर तेज रफ्तार कार ने इनको बाइकों को रौंद डाला और खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोग गंभीर घायल हैं। उनको जिला अस्पताल भेजा गया है।
हादसा फरधान थाना क्षेत्र में लखनापुर चौराहे के पास सोमवार रात साढ़े 12 बजे के करीब हुआ। नीमगांव थाना क्षेत्र के सोनौरा और बसारा गांव के पांच युवक दो बाइक पर सवार होकर किसी शादी समारोह में गए थे। देर रात पांचों वापस अपने गांव लौट रहे थे।
फरधान इंस्पेक्टर राजू राव ने बताया कि लखनापुर चौराहे के पास इन बाइक सवारों को लखीमपुर की ओर जा रही कार ने रौंद डाला। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद कार भी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
मृतकों की शिनाख्त हितेश शुक्ला ( 42) पुत्र कमल किशोर, हरिकिशन (40) पुत्र विनोद तिवारी निवासी सोनौरा थाना नीमगांव और अनुज कुमार (35) पुत्र विजय, आदर्श (28) पुत्र राम सहोदर निवासी बसारा थाना नीमगांव के रूप में हुई है। कार चालक भानु प्रताप और बाइक सवार गुंजन को जिला अस्पताल भेजा गया है।




साइन इन