rajasthan churu bidasar luxury hotel firing owner shot dead liquor business rivalry crime news 2026 राजस्थान के लग्जरी होटल में घुसकर मालिक को गोलियों से भूना,कारोबारी की मौत, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

राजस्थान के लग्जरी होटल में घुसकर मालिक को गोलियों से भूना,कारोबारी की मौत

राजस्थान में एक बार फिर संगठित अपराध का खूनी चेहरा सामने आया है। चूरू जिले के बीदासर कस्बे में स्थित होटल ‘द रॉयल ट्रीट’ में देर रात बदमाशों ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में होटल मालिक मनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई, 

Tue, 3 March 2026 11:19 AMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
राजस्थान के लग्जरी होटल में घुसकर मालिक को गोलियों से भूना,कारोबारी की मौत

राजस्थान में एक बार फिर संगठित अपराध का खूनी चेहरा सामने आया है। चूरू जिले के बीदासर कस्बे में स्थित होटल ‘द रॉयल ट्रीट’ में देर रात बदमाशों ने घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में होटल मालिक मनीराम मंडा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

एंट्री के साथ निकाली पिस्टल, बरसाईं गोलियां

घटना सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक तीन हमलावर होटल के रेस्टोरेंट में दाखिल होते ही देसी पिस्टल निकालते हैं और टेबल के आसपास खड़े लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर देते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर सीधे होटल मालिक मनीराम मंडा के पास पहुंचे और उन्हें बेहद करीब से गोली मारी। इसके बाद बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

वारदात इतनी अचानक और खौफनाक थी कि होटल में मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। गोली लगने से मनीराम मंडा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:युद्ध के बीच दुबई में अटके राजस्थान के ज्योतिषी,महाकाल के पुजारी संग गए थे
ये भी पढ़ें:बीकानेर में पेड़ से लटके मिले ननद-भाभी के शव, वन विभाग की नर्सरी में किया सुसाइड
ये भी पढ़ें:राजस्थान में RTO इंस्पेक्टर का ट्रक ड्राइवर पर हेड अटैक
ये भी पढ़ें:सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, सजा तक लड़ाई- बीकानेर रेंज के आईजी

घायल जयपुर रेफर, होटल सील

घायलों को तुरंत सुजानगढ़ के बगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने होटल को सील कर दिया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

चूरू के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि तीन हमलावरों ने सुनियोजित तरीके से होटल में घुसकर फायरिंग की। एक आरोपी की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर रवाना कर दी गई हैं। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

शराब कारोबार की रंजिश का एंगल

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक मनीराम मंडा होटल और शराब कारोबार से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या शराब कारोबार से जुड़े दूसरे समूह से चल रही आपसी रंजिश का परिणाम हो सकती है। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में शराब ठेकों और सप्लाई को लेकर विवाद की चर्चाएं भी सामने आई थीं।

राजस्थान में शराब कारोबार को लेकर पहले भी कई बार खूनी संघर्ष सामने आ चुके हैं। इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या प्रदेश में शराब माफिया और स्थानीय गिरोहों का नेटवर्क फिर सक्रिय हो रहा है? बीदासर जैसे कस्बाई क्षेत्र में लग्जरी होटल में घुसकर इस तरह की फायरिंग होना कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती माना जा रहा है।

संगठित अपराध की आशंका

क्राइम एंगल से देखें तो यह वारदात पूरी तरह से टारगेट किलिंग प्रतीत होती है। हमलावरों ने सीधे होटल मालिक को निशाना बनाया और कुछ ही मिनटों में पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे यह संकेत मिलता है कि आरोपियों ने पहले से रेकी की थी और उन्हें होटल के अंदरूनी लेआउट की जानकारी थी।

सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की गतिविधियों और भागने के रास्ते की स्पष्ट तस्वीर मिलने से पुलिस को जांच में मदद मिल सकती है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और आपराधिक पृष्ठभूमि खंगालकर भी पुलिस संभावित आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

सुरक्षा पर उठे सवाल

बीदासर जैसे अपेक्षाकृत शांत इलाके में आधी रात को लग्जरी होटल में घुसकर फायरिंग की घटना ने स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों में दहशत पैदा कर दी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या होटल में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे? क्या किसी तरह की निजी रंजिश की सूचना पहले से थी?

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। एसपी के अनुसार जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। लेकिन इस सनसनीखेज वारदात ने राजस्थान में अपराध की बदलती तस्वीर और संगठित गिरोहों की बढ़ती हिम्मत को लेकर गंभीर चिंता जरूर बढ़ा दी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।