राजस्थान में RTO इंस्पेक्टर का ट्रक ड्राइवर पर हेड अटैक, वीडियो वायरल होते ही निलंबन
राजस्थान के चूरू जिले में खाकी के रौब और अमानवीय व्यवहार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुजानगढ़ डीटीओ कार्यालय में तैनात परिवहन निरीक्षक सुरेश कुमार विश्नोई ने रविवार सुबह बीच सड़क पर एक ट्रक ड्राइवर के साथ बदसलूकी करते हुए उसे अपने सिर से मारकर घायल कर दिया।

राजस्थान के चूरू जिले में खाकी के रौब और अमानवीय व्यवहार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुजानगढ़ डीटीओ कार्यालय में तैनात परिवहन निरीक्षक सुरेश कुमार विश्नोई ने रविवार सुबह बीच सड़क पर एक ट्रक ड्राइवर के साथ बदसलूकी करते हुए उसे अपने सिर से मारकर घायल कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने आरोपी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
घटना रविवार सुबह रतनगढ़ में नेशनल हाईवे-11 पर एक पेट्रोल पंप के पास की है। प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) निवासी 24 वर्षीय ट्रक ड्राइवर एहसान अहमद सामान लेकर यूपी के भदोही जा रहा था। इसी दौरान परिवहन विभाग की टीम हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थी। आरोप है कि निरीक्षक ने ट्रक को रुकवाया और लाइसेंस की जांच के दौरान विवाद शुरू हो गया।
बहस से हिंसा तक: मोबाइल छीना, फिर सिर से वार
चश्मदीदों के अनुसार, पहले मामूली बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला गरमा गया। आरोप है कि निरीक्षक ने ड्राइवर का मोबाइल फोन छीन लिया। जब ड्राइवर ने इसका विरोध किया और अपना मोबाइल लौटाने की मांग की, तो निरीक्षक ने आपा खो दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि निरीक्षक ने अचानक ड्राइवर के चेहरे पर अपने सिर से जोरदार टक्कर मार दी। इस हमले में ड्राइवर की आंख के पास गहरा कट लग गया और मौके पर ही खून बहने लगा। वायरल वीडियो में ड्राइवर लहूलुहान हालत में दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास खड़े लोग हैरानी और गुस्से में नजर आते हैं।
‘मेरा रोजा है’ कहने पर और भड़के अधिकारी
घायल ड्राइवर एहसान अहमद ने आरोप लगाया कि उसने निरीक्षक से मारपीट न करने की गुहार लगाई थी। उसने बताया कि उसका रोजा है और वह विवाद नहीं चाहता, लेकिन यह सुनकर निरीक्षक और भड़क गए। ड्राइवर का आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट जारी रही।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। जब हालात बिगड़ते देख निरीक्षक ने घायल ड्राइवर को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, तो लोगों ने उन्हें फटकार लगाते हुए वहां से हट जाने को कहा। कुछ लोगों का कहना था कि हाईवे चेकिंग के दौरान सख्ती और बदसलूकी की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया विभाग
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो में साफ तौर पर झड़प और हमले का दृश्य दिखाई दे रहा है। जैसे ही मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाए।
आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने आदेश जारी कर मोटर वाहन निरीक्षक सुरेश विश्नोई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जयपुर निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, वीडियो बना अहम साक्ष्य
घायल ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जब्त किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सवालों के घेरे में चेकिंग का तरीका
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कानून लागू कराने वाले अधिकारियों के व्यवहार की जवाबदेही कैसे तय होगी। हाईवे पर नियमित चेकिंग के दौरान यदि विवाद हिंसा में बदल जाए, तो आम नागरिक की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
फिलहाल विभागीय कार्रवाई शुरू हो चुकी है और जांच जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगे की जांच में क्या निष्कर्ष निकलते हैं और आरोपी अधिकारी पर क्या अंतिम कार्रवाई होती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन