बीकानेर में पेड़ से लटके मिले ननद-भाभी के शव, वन विभाग की नर्सरी में किया सुसाइड
बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्राम पंचायत चक 33 केवाईडी स्थित वन विभाग की नर्सरी में ननद-भाभी के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने अपनी-अपनी चुन्नी का फंदा बनाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली।

बीकानेर जिले के खाजूवाला थाना क्षेत्र में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्राम पंचायत चक 33 केवाईडी स्थित वन विभाग की नर्सरी में ननद-भाभी के शव एक ही पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों ने अपनी-अपनी चुन्नी का फंदा बनाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 8 बजे सामने आई, जब स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटके शवों पर पड़ी और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर मॉर्च्यूरी भिजवाया। मृतकों की पहचान रत्नी देवी नायक (19) और माया नायक (20) निवासी 33 केवाईडी के रूप में हुई है। दोनों आपस में ननद-भाभी के रिश्ते में थीं। रत्नी देवी का विवाह महज छह महीने पहले हुआ था, जिससे घटना ने परिवार और गांव में गहरा सदमा पैदा कर दिया है।
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका
सीओ खाजूवाला अमरजीत सिंह चावला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों ने एक साथ ऐसा कदम क्यों उठाया और क्या इसके पीछे किसी तरह का दबाव या अन्य परिस्थिति तो नहीं थी।
एक ही पेड़ से लटके मिले शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वन विभाग की नर्सरी में लगे एक पेड़ से दोनों युवतियों के शव लटके हुए दिखाई दिए। ग्रामीणों के मुताबिक, दृश्य बेहद दर्दनाक था। आसपास के लोग एकत्र हो गए और सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों ने अपनी-अपनी चुन्नी से फंदा बनाया और पेड़ से लटककर जान दी। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। रत्नी देवी की शादी को अभी छह महीने ही हुए थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि दिन में किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी, लेकिन पारिवारिक स्तर पर क्या स्थिति थी, यह अब जांच के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब तक परिजन लिखित शिकायत नहीं देते और पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। चार बजे तक स्थिति स्पष्ट होने की संभावना जताई गई है कि एफआईआर दर्ज होती है या नहीं।
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्यूरी में रखे गए हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और कॉल डिटेल्स सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी तरह की साजिश या दबाव के संकेत मिलते हैं तो उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन